शुक्रवार, 7 अक्तूबर 2022

चेरी

 प्रकृति ने हमें कई प्रकार के फल तोहफे में दिए हैं, जिनमें से कुछ स्वाद के लिए, तो कुछ स्वाद के साथ ही सेहत के लिए फायदेमंद माने जाते हैं। उन्हीं में से एक है चेरी। इसे दुनिया भर में इसके बेहतरीन स्वाद के लिए पसंद किया जाता है, लेकिन क्या आपको मालूम है, स्वाद में लाजवाब चेरी का सेवन सेहत के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।

चेरी की गिनती चुनिंदा खास फलों में होती है। चेरी फल आकार में छोटे और गोल होते हैं। इसकी कई किस्में हैं, जिन्हें दो भागों में बांटा जाता है, एक स्वीट चेरी और दूसरा टार्ट चेरी। आमतौर पर भारत में इस्तेमाल होने वाली चेरी का स्वाद मीठा होता है। इसे स्वीट चेरी की नाम से जाना जाता है। वहीं, इसका दूसरा प्रकार टार्ट चेरी का स्वाद खट्टा होता है। 

 चेरी फल में कई जरूरी पोषक तत्व और औषधीय गुण पाए जाते हैं। इसमें फाइबर, पॉलीफेनोल्स, कैरोटेनॉयड्स, विटामिन सी और पोटेशियम जैसे पोषक तत्वों के अलावा एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी जैसे प्रभाव पाए जाते हैं 

चेरी खाने के फायदे

चेरी में मौजूद पोषक तत्व और औषधीय गुण इसे सेहत के लिए कई प्रकार से फायदेमंद बनाते हैं। वहीं, इस बात का ध्यान रखें कि चेरी किसी भी बीमारी का डॉक्टरी उपचार नहीं है, इसका उपयोग कुछ हद तक नीचे बताई जा रही शारीरिक समस्याओं से बचाव और उनके लक्षणों को कम करने में मददगार हो सकता है। 

एंटीऑक्सीडेंट प्रभाव से युक्त

हमारे शरीर में एंटीऑक्सीडेंट अहम भूमिका निभाता है। यह शरीर को फ्री रेडिकल्स से बचाने में मदद कर सकता है। फ्री रेडिकल्स यानी मुक्त कण के कारण ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस होता है, जिससे कैंसर, हृदय रोग, मधुमेह की समस्या, अल्जाइमर रोग (भूलने की बीमारी), पार्किंसंस रोग (इसमें शारीरिक गतिविधियां प्रभावित होती हैं) और नेत्र रोग, जैसे मोतियाबिंद का जोखिम बढ़ सकता है

वहीं, एक अन्य शोध में पाया गया कि चेरी में एंटीऑक्सीडेंट की अच्छी मात्रा होती है, जिससे ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करने में मदद मिल सकती है। साथ ही चेरी का अर्क लिवर में एंटीऑक्सीडेंट एंजाइम की हेपाटिक (लिवर से जुड़ी) गतिविधियों को बढ़ाने का काम कर सकता है 

 अनिद्रा में फायदेमंद

इंसोमेनिया यानी अनिद्रा (नींद न आने की समस्या) की समस्या में भी चेरी के लाभ देखे जा सकते हैं। विषय से जुड़े शोध में साफ तौर से जिक्र मिलता है कि चेरी का रस नींद का समय और गुणवत्ता को बढ़ाने में सहयोग कर सकता है। वहीं, शोध में आगे जिक्र मिलता है कि चेरी के रस में मेलाटोनिन पाया जाता है, जो नींद में सुधार का काम कर सकता है । बता दें कि मेलाटोनिन एक प्रकार का हार्मोन होता है, जो नींद की गुणवत्ता बढ़ाने में मदद कर सकता है । 

एंटीइंफ्लामेटरी प्रभाव

सूजन की समस्या को कम करने में चेरी के फायदे देखे गए है। जानवरों और इंसानों पर हुए एक शोध के अनुसार गंभीर सूजन के कारण गठिया (आर्थराइटिस) की समस्या, हृदय रोग (सीवीडी), मधुमेह और कैंसर का जोखिम बढ़ सकता है। वहीं, चेरी में मौजूद एंटीइंफ्लामेटरी प्रभाव के कारण सूजन और इसके कारण होने वाली इंफ्लामेटरी समस्याओं से बचाव में मदद मिल सकती है । 

सिर दर्द में लाभदायक

चेरी का सेवन करने पर माइग्रेन से होने वाले सिर दर्द में भी लाभदायक प्रभाव दिखा सकता है। 

आंखों के स्वास्थ्य के लिए

ग्लूकोमा आंखों में होने वाली वृद्धावस्था की सबसे आम बीमारियों में से एक है। यह बीमारियों का एक समूह है, जो आंख की ऑप्टिक नर्व (आंखों को मस्तिष्क से जोड़ने वाली नर्व्स) को नुकसान पहुंचा सकता है, जिससे अंधेपन का जोखिम बढ़ सकता है। यह स्थिति आमतौर पर तब होती है, जब आंखों के अंदर द्रव का दबाव धीरे-धीरे बढ़ता है, जिससे ऑप्टिक नर्व डैमेज हो सकती है 

कैंसर से बचाव में सहायक

चेरी का उपयोग कैंसर की रोकथाम में मददगार हो सकता है। दरअसल, चेरी में कई प्रकार के पॉलीफेनोल्स और एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, जिनमें कई गुणों के साथ ही एंटी कैंसर गुण भी मौजूद होता है। शोध में इस बात की पुष्टि की गई कि चेरी के अर्क में पाए जाने वाले एंथोसायनिन नामक फ्लेवोनोइड में एंटी-कार्सिनोजेनिक प्रभाव होता है। 

यह प्रभाव कई प्रकार के कैंसर, जैसे कोलन, स्तन और लिवर के कैंसर की कोशिकाओं के विस्तार को रोककर कैंसर को बढ़ने से रोकने में कुछ हद तक मददगार हो सकता है । ध्यान रहे कि चेरी किसी भी तरीके से कैंसर का उपचार नहीं है। अगर कोई कैंसर से पीड़ित है, तो उसका जल्द से जल्द डॉक्टरी उपचार करवाना जरूरी है। 

वजन कम करने में सहायक

शरीर में अतिरिक्त चर्बी के जमा होने पर मोटापे की समस्या हो सकती है। इस समस्या में चेरी का उपयोग फायदेमंद हो सकता है। एक रिसर्च के अनुसार चेरी में एंटीऑबेसिटी प्रभाव होता है। यह प्रभाव मोटापा कम करने में मददगार हो सकता है। इसके अलावा, शोध में इस बात का जिक्र भी मिलता है कि चेरी का सेवन मोटापे से जुड़ी सूजन और मेटाबोलिक सिंड्रोम को कम करने में भी मददगार हो सकता है ।

हृदय के स्वास्थ्य के लिए

अच्छी सेहत के साथ ही चेरी के फायदे हृदय संबंधी समस्या में भी देखे जा सकते हैं। एक रिसर्च के अनुसार सूजन के कारण अन्य समस्याओं के साथ ही हृदय संबंधी समस्या का जोखिम भी बढ़ सकता है। वहीं, शोध के पाया गया कि चेरी में एंटीइंफ्लामेटरी प्रभाव होता है, जो सूजन के कारण होने वाली हृदय संबंधी समस्या को कुछ हद तक कम करने में मददगार हो सकता है। इसके साथ ही रिसर्च में चेरी में पाए जाने वाले पॉलीफेनोल्स हृदय रोग में फायदेमंद माने गए हैं ।

कब्ज की समस्या में लाभकारी

कब्ज पाचन तंत्र से जुड़ी स्थिति है, जिसमें मल त्याग करते समय कठिनाई होती है । कब्ज की इस समस्या में चेरी के फायदे देखे गए हैं। एक रिसर्च में पाया गया कि फाइबर युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन मल त्याग की प्रक्रिया को आसान बनाकर कब्ज की समस्या में फायदेमंद हो सकता है। वहीं, चेरी में पाए जाने वाले फाइबर से हम यह अनुमान लगा सकते हैं कि चेरी का उपयोग कब्ज की समस्या में कुछ हद तक लाभदायक हो सकता है ।


मस्तिष्क विकार में लाभदायक

उम्र बढ़ने के साथ ही कई समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है, जिनमें मस्तिष्क संबंधी समस्याएं भी शामिल हैं, जैसे कि याददाश्त का कमजोर हो जाना, सोचने-समझने और सीखने में दिक्कत होना आदि। वहीं, मस्तिष्क संबंधी इन समस्या को कम करने में भी चेरी के फायदे देखे जा सकते हैं। चूहों पर किए गए एक रिसर्च के अनुसार टार्ट चेरी का दैनिक सेवन सीखने की क्षमता और याददाश्त में सुधार का काम कर सकता है।


 टार्ट चेरी का सेवन न्यूरोडीजेनेरेटिव डिजीज के जोखिम को कम करने में भी मदद कर सकता है । बता दें कि न्यूरोडीजेनेरेटिव डिजीज में अल्जाइमर (भूलने की बीमारी) और पार्किंसन (यह शारीरिक गतिविधि को प्रभावित करता है।) जैसी बीमाारियां शामिल हैं 

त्वचा के लिए

सेहत के साथ ही चेरी का सेवन त्वचा संबंधी समस्या में भी फायदेमंद हो सकता है। इस विषय पर हुई एक रिसर्च के अनुसार चेरी में पॉलिफिनॉल्स होते हैं। पॉलिफिनॉल्स त्वचा को हाइड्रेट, कोमल व मुलायम बनाने के साथ-साथ त्वचा की लोच को बढ़ाने में मददगार हो सकते हैं। इसके अलावा, यह त्वचा की जलन और लालिमा को कम करने और सूर्य की हानिकारक किरणों से त्वचा को बचाने में सहायक हो सकते हैं ।


 बालों की ग्रोथ के लिए

बालों के झड़ने की समस्या हो या फिर बालों के ग्रोथ, दोनों में ही चेरी फायदेमंद माना गया है। दरअसल, एक रिसर्च में पाया गया कि जंगली चेरी की छाल में कुछ ऐसे औषधीय गुण होते हैं, जो बालों को चिकना और रेशमी बनाने के साथ ही बालों बालों की मजबूती में मदद कर सकते हैं । हालांकि, चेरी की छाल का कौन-सा गुण बालों के लिए फायदेमंद होता है, यह अभी शोध का विषय है।

चेरी का उपयोग

चेरी का उपयोग कई प्रकार से किया जा सकता है। यहां जानते हैं इसके उपयोग के बारे में।


चेरी को ठीक से धोकर इसे सीधे ही खाया जा सकता है।

केक और पुडिंग पर टॉपिंग के लिए चेरी का उपयोग किया जा सकता है।

चेरी का उपयोग बेक्ड कुकीज जैसे चॉकलेट और बादाम कुकीज में भी किया जाता है।

चेरी का इस्तेमाल कई मॉकटेल में किया जाता है।

इसका उपयोग फ्रूट सलाद में किया जा सकता है।

इसके अलावा कई लोग इसे जूस के रूप में भी पीना पसंद करते हैं।

मात्रा : एक दिन में अन्य फलों के साथ 5-6 चेरी का सेवन किया जा सकता है। हालांकि, एक दिन में इसका कितना सेवन करना सही रहेगा, इससे जुड़े शोध का अभाव है। ऐसे में डॉक्टर से उम्र और स्वास्थ्य के आधार पर इसके सेवन की सही मात्रा जानी जा सकती है।

चेरी के नुकसान – 

चेरी में पाए जाने वाले गुण इसे सेहत के लिए फायदेमंद बनाते हैं, लेकिन कुछ मामलों में चेरी के नुकसान भी देखे गए हैं। दरअसल, चेरी में फ्रुक्टोज की मात्रा होती है, वहीं, बिना पचा हुआ फ्रुक्टोज कई प्रकार की समस्या का कारण बन सकता है, जिनके बारे में हम आपको बता रहे हैं ।


चेरी में फ्रुक्टोज मौजूद होता है, अगर शरीर इसे ठीक से पचा नहीं पाता है, तो इससे पेट में दर्द, गैस, सूजन की समस्या, दस्त और आंतों में जलन की समस्या हो सकती है।

 फ्रुक्टोज की अधिक मात्रा का सेवन रक्तचाप की समस्या का कारण बन सकता है।

फ्रुक्टोज के कारण चेरी का अधिक सेवन मेटाबोलिक सिंड्रोम के साथ ही मोटापा की समस्या की वजह भी बन सकता है। मेटाबोलिक सिंड्रोम उन जोखिम कारकों (मोटापा, कोलेस्ट्रॉल, उच्च रक्तचाप व हाई ब्लड शुगर) को कहा जाता है, जो हृदय रोग और मधुमेह के साथ ही अन्य शारीरिक समस्या का कारण बन सकते हैं।

फ्रुक्टोज की वजह से कोलेस्ट्रॉल की समस्या भी हो सकती है।

 बेहतरीन स्वाद के लिए खाई जाने वाली चेरी सेहत के लिए कितनी फायदेमंद साबित हो सकती है, यह अब आप अच्छे से जान गए होंगे। वहीं, इसका लाभ लेने के लिए इसका सीमित मात्रा में ही सेवन करें, क्योंकि इसका अधिक सेवन लेख में बताए गए चेरी के नुकसान का कारण बन सकता है। वहीं, लेख में हमने चेरी के उपयोग के कुछ कारगर तरीके बताए हैं, जिन्हें आप इस्तेमाल में ला सकते हैं। इसके अलावा, चेरी के सेवन के बाद अगर कोई दुष्प्रभाव नजर आएं, तो इसका सेवन बंद करें 

नेट पर उपलब्ध जानकारी पर आधारित 




कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

कुछ फर्ज थे मेरे, जिन्हें यूं निभाता रहा।  खुद को भुलाकर, हर दर्द छुपाता रहा।। आंसुओं की बूंदें, दिल में कहीं दबी रहीं।  दुनियां के सामने, व...