मंगलवार, 4 जून 2024

 जब नारद जी ने तीनों लोकों में राधा की स्तुति सुना तो वह बहुत ही चिंतित हो गए। बहुत सोचने लगे कि राधा में ऐसा क्या है कि उसकी स्तुति पूरे जगत में हो रही है? इसका जवाब पाने के लिए नारद जी ने कृष्ण जी के पास जाने का निर्णय लिया।

इस सवाल का उत्तर पाने के लिए वह भगवान श्री कृष्ण के पास पहुंचे। परंतु वहां पहुंचने के बाद उन्होंने देखा कि कृष्ण जी के सर में बहुत ही पीड़ा हो रही थी। जब नारद जी ने उस पीड़ा के लिए उपचार पूछा तो कृष्ण जी ने उत्तर दिया यदि मेरा कोई भक्त अपना चरणोदक (चरणों को धोया हुआ पानी) मुझे पिला दे तो मेरी यह पीड़ा कम हो जाएगी।

नारद चिंता में पड़ गए उन्होंने सोचा अगर कोई भक्त अपने भगवान को अपना चरणोदक पिलाएगा तो वह तो नर्क में चले जाएगा। उसके बाद नारद जी भगवान श्री कृष्ण जी की पत्नी रुकमणी जी के पास पहुंचे। नारद जी ने रुक्मणी को सारी बात बताई। रुकमणी जी ने अपना चरणोदक देने से मना कर दिया यह कहते हुए की देव ऋषि यह तो पूर्ण पाप है।

उसके बाद नारद जी सीधे राधा के पास पहुंचे। राधा को भी नारद जी ने सारा हाल कह सुनाया। राधा ने सुनते ही एक पात्र में पानी लिया और उसमें अपने पैर दबा दिए। अपने पैरों को धोये हुए पानी कोई छोटे पात्र में भरकर राधा नारद जी से बोली इसे तुरंत कृष्ण के पास ले जाओ। और वह बोली मैं जानती हूं यह घोर पाप है मुझे नर्क मिलेगा परंतु अपने प्रिय के जीवन के सुख और स्वस्थ जीवन के लिए मैं इससे भी अधिक दुख भोगने के लिए तैयार हूं।

यह सुनकर नारद जी सब समझ गए। उन्हें ज्ञात हो गया की राधा कृष्ण की प्रेम की स्तुति पूरे ब्रह्मांड में क्यों गाए जा रहे हैं। यह राधा कृष्ण की दिल छू लेने वाली एक कहानी है जिससे साफ पता चलता है राधा का कृष्ण के प्रति अपार प्रेम।


सोमवार, 3 जून 2024

 राधा कृष्ण के पवित्र प्रेम को लेकर गर्म दूध की कहानी प्रचलित हैं. जिसके अनुसार राधा और कृष्ण के बीच अटूट प्रेम था कृष्ण भी अपार प्रेम करते थे, इससे राधा की दासियों को इर्ष्या होने लगी. एक दिन सभी दासियों ने एक योजना बनाई तथा राधा के प्यार की परीक्षा की सोची.

वे एक बेहद गर्म पात्र में खौलता हुआ दूध लेकर गयी और राधा को यह कहते हुए पीने को दिया कि इसे कृष्ण ने भेजा है. राधा ने उस गर्म दूध को बिना सवाल किये ही पी लिया.

जब दासियाँ वापिस कृष्ण के पास गयी तो वे देखकर अचरज में पड़ गयी कि कृष्ण का पूरा शरीर छालों से भर गया था. इससे गोपियों को विश्वास हुआ कि उनका प्रेम दिखावे का नहीं बल्कि आत्मा तक हैं।

बुधवार, 29 मई 2024

बच्चों की पैरेंट्स के लिए तो परेशानी की बात है ही साथ ही ये बच्चों के विकास के लिए भी ठीक नहीं है। जो बच्चे जिद्दी होते हैं उनके बिहेवियर में बड़े होकर भी कई तरह के कॉम्पलेक्स आ सकते हैं। बच्चे के जिद्दी होने की वजह आपकी कुछ आदतें भी हो सकती हैं।

जब बच्चे 2 साल की उम्र पार करते हैं तो अचानक से स्वभाव में बहुत गुस्सा और जिद आने लगती है। खासतौर से 2 से 5 साल की उम्र के बच्चे सबसे ज्यादा जिद्दी होते हैं। इस उम्र में बच्चों को समझाना बहुत मुश्किल हो जाता है। अगर इस आदत को सुधारा नहीं गया तो बच्चे में हर बात पर जिद करने की आदत पड़ जाती है। जब बच्चे की जिद पूरी नहीं होती तो बहुत गुस्सा करते हैं रोते हैं और पैरेंट्स को परेशान करते हैं। बच्चे के ऐसे व्यवहार का कारण कई बार माता पिता भी होते हैं। जाने-अनजाने में हम ऐसी कई गलतियां कर बैठते हैं जिससे बच्चा जिद्दी

और चिड़चिड़ा हो जाता है। ऐसे बच्चों में कई तरह की बिहेवियर संबधी समस्याएं भी होने लगती हैं। जिसे समय रहते कंट्रोल करना जरूरी है।


बच्चों की जिद और गुस्से को कैसे कंट्रोल करें?

1-जिद करने पर तुरंत डायवर्ट करें- सबसे पहला सॉल्यूशन तो यही है कि 2 से 5 साल के बच्चे जितनी जिद करते हैं उतना ही जल्दी डायवर्ट भी हो जाते हैं. आप उनको जिद करने पर तुरंत किसी दूसरी बात, कहानी या प्लानिंग में उलझा दें. लेकिन याद रखें कि ये तरीका ऐसा हो जिसमें थोड़ा सर्प्राइजिंग एलीमेंट हो तभी बच्चे का ध्यान बंटेगा.


2-बच्चे को जिद करने पर समझायें- बच्चे की जिद करने की आदत को एक दिन में दूर नहीं कर सकते. धैर्य रखें और जब टाइम मिले उसे प्यार से बतायें कि हर बात पर जिद करना अच्छी बात नहीं साथ ही उसकी साइकॉलोजी को समझने की कोशिश करें कि वो क्यों इतनी जिद करता है और क्या कहना चाहता है. 


3-बच्चे के लिये सबसे जरूरी टाइम- बच्चों में जिद, मारपीट या कोई भी बिहेवियर रिलेटेड प्रॉबलम तब शुरु होती है जब पैरेंट्स के पास वक्त कम होता है. अगर पॉसिबल हो तो उनके दादा-दादी या नाना- नानी को साथ रखें या जल्दी जल्दी उनसे मिलवायें. अकेले बच्चे ज्यादा जिद्दी बनते हैं और जो फैमिली में साथ रहते हैं उनमें इतनी जिद करने की आदत नहीं रहती.


4-अपना व्यवहार भी सही रखें- चैरिटी बिगेन्स एट होम वाला मुहावरा बिल्कुल सटीक है. अगर बच्चों का बिहेव ठीक रखना है तो सबसे पहले पेरेंट्स को अपना बिहेव ठीक रखना पड़ेगा. बच्चे घर में जिस तरह का माहौल देखते हैं उसी ढंग से सीखते हैं इसलिये बच्चों के सामने ऊंची आवाज में बात करना, चिल्लाना  या लड़ाई झगड़ा बिल्कुल ना करें.


5-हर जिद बिल्कुल पूरी ना करें- कई बार सिंगल फैमिली में बच्चों की जो डिमांड होती है पैरेंट्स उसे आसानी से पूरी कर देते हैं. उनको जो चाहिये वो कहने के साथ ही मिल जाता है इससे बच्चों में ये फीलिंग डेवेलप हो जाती है जो डिमांड करेंगे वो पूरी हो जायेगी और इसलिये जब वो कोई भी नयी चीज देखते हैं तो उसकी जिद करते हैं या अपनी बात को मनवाने के लिये गुस्सा करते हैं. बच्चों की जरूरत पूरी करें लेकिन साथ ही उन्हें पैसे का महत्व बतायें और साथ ही मॉरल वैल्यू से समझायें कि हर सामान की जिद करना ठीक नहीं है.


https://www.abplive.com/lifestyle/how-to-manage-stubborn-child-how-to-control-kids-anger-how-to-control-obstinacy-in-2-to-5-year-old-child-2140892

मंगलवार, 21 मई 2024

 पत्नी रसोई में थी

पति ने पीछे से आकर उसे HUG किया।

बीवी ने गुस्से में कहा: "मैं पसीने में भीगी हूँ, छोड़ो मुझे।"

पति ने कहा: "श्रीमती जी, SORRY कल शाम के मेरे बर्ताव के लिए, काम पर थोड़ा प्रेशर चल रहा है।"

बीवी ने कहा: "प्रेशर इस कुकर में भी है पर वह सीटी से साझा कर अपना प्रेशर रिलीज़ करता है ना.. अगर वह प्रेशर अपने अंदर ही रखेगा तो बम की तरह फट नहीं जाएगा। आप मुझसे अपनी परेशानियां कहो मैं सुनूँगी..और हां अगली बार प्रेशर हो तो MESSAGE ही कर देना।"

"क्यों बेलन तैयार रखोगी क्या?" पति ने व्यंग से पूछा।

बीवी ने प्यारी सी हंसी के साथ कहा: "नहीं श्रीमान जी, तुम्हारी पसंदीदा बिरयानी बनाकर रखूंगी।"

और दोनों एक दूसरे की बाहों में लिप्त होकर हँस पड़े।

शुक्रवार, 17 मई 2024

 एक दिन श्यामसुन्दर कह रहे थे, 'मैया! मुझे माखन भाता है; तू मेवा-पकवान के लिये कहती है, परन्तु मुझे तो वे रुचते ही नहीं।' वहीं पीछे एक गोपी खड़ी श्यामसुन्दर की बात सुन रही थी। उसने मन-ही-मन कामना की- 'मैं कब इन्हें अपने घर माखन खाते देखूँगी; ये मथानी के पास जाकर बैठेंगे, तब मैं छिप रहूँगी?' प्रभु तो अन्तर्यामी हैं, गोपी के मन की जान गये और उसके घर पहुँचे तथा उसके घरका माखन खाकर उसे सुख दिया-  उसे इतना आनन्द हुआ कि वह फूली न समायी। 

वह खुशी से छककर फूली-फूली फिरने लगी। आनन्द उसके हृदय में समा नहीं रहा था। सहेलियों ने पूछा- 'अरी, तुझे कहीं कुछ पड़ा धन मिल गया क्या?' वह तो यह सुनकर और भी प्रेमविह्वल हो गयी। उसका रोम-रोम खिल उठा, वह गद्‌गद हो गयी, मुँह से बोली नहीं निकली। सखियों ने कहा- 'सखि ! ऐसी क्या बात बात है, हमें सुनाती क्यों नहीं? हमारे तो शरीर ही दो हैं, हमारा जी तो एक ही है-हम-तुम दोनों एक ही रूप हैं। भला, हमसे छिपाने की कौन सी बात है?' तब उसके मुँहसे इतना ही निकला- 'मैंने आज अनूप रूप देखा है।' बस, फिर वाणी रुक गयी और प्रेम के आँसू बहने लगे ! सभी गोपियों की यही दशा थी।

रातों गोपियाँ जाग-जागकर प्रातःकाल होने की बाट देखतीं। उनका मन श्रीकृष्ण में लगा रहता। प्रातःकाल जल्दी-जल्दी दही मथकर, माखन निकालकर छीके पर रखतीं; कहीं प्राणधन आकर लौट न जायें, इसलिये सब काम छोड़कर वे सबसे पहले यही काम करतीं और श्यामसुन्दर की प्रतीक्षा में व्याकुल होती हुई मन-ही-मन सोचतीं - 'हा! आज प्राणप्रियतम क्यों नहीं आये? इतनी देर क्यों हो गयी? क्या आज इस दासी का घर पवित्र न करेंगे? क्या आज मेरे समर्पण किये हुए इस तुच्छ माखन का भोग लगाकर स्वयं सुखी होकर मुझे सुख न देंगे? कहीं यशोदा मैया ने तो उन्हें नहीं रोक लिया? उनके घर तो नौ लाख गौएँ हैं। माखन की क्या कमी है। मेरे घर तो वे कृपा करके ही आते हैं!' इन्हीं विचारों में आँसू बहाती हुई गोपी क्षण-क्षण में दौड़कर दरवाजे पर जाती, लाज छोड़कर रास्ते की ओर देखती, सखियों से पूछती। एक-एक निमेष उसके लिये युग के समान हो जाता ! ऐसी भाग्यवती गोपियों की मनःकामना भगवान् उनके घर पधार कर पूर्ण करते।

अपने निजजन व्रजवासियों को सुखी करने के लिये ही तो भगवान् गोकुल में पधारे थे। माखन तो नन्दबाबा के घर पर कम न था। लाख-लाख गौएँ थीं। वे चाहे जितना खाते-लुटाते। परन्तु वे तो केवल नन्दबाबा के ही नहीं; सभी व्रजवासियों के अपने थे, सभी को सुख देना चाहते थे। गोपियों की लालसा पूरी करने के लिये ही वे उनके घर जाते और चुरा-चुरा कर माखन खाते। यह वास्तव में चोरी नहीं, यह तो गोपियों की पूजा- पद्धति का भगवान्‌ के द्वारा स्वीकार था। भक्तवत्सल भगवान् भक्तकी पूजा स्वीकार कैसे न करें?

भगवान की इस दिव्यलीला - माखनचोरी का रहस्य न जानने के कारण ही कुछ लोग इसे आदर्श के विपरीत बतलाते हैं। उन्हें पहले समझना चाहिये चोरी क्या वस्तु है, वह किसकी होती है और कौन करता है। चोरी उसे कहते हैं जब किसी दूसरे की कोई चीज, उसकी इच्छा के बिना, उसके अनजान में और आगे भी वह जान न पाये- ऐसी इच्छा रखकर ले ली जाती है। भगवान् श्रीकृष्ण गोपियों के घर से माखन लेते थे उनकी इच्छा से, गोपियों के अनजान में नहीं- उनकी जान में, उनके देखते-देखते और आगे जानने की कोई बात ही नहीं - उनके सामने ही दौड़ते हुए निकल जाते थे। दूसरी बात महत्त्वकी यह है कि संसार में या संसार के बाहर ऐसी कौन-सी वस्तु है, जो श्रीभगवान्‌ की नहीं है और वे उसकी चोरी करते हैं। गोपियों का तो सर्वस्व श्रीभगवान्‌ का था ही, सारा जगत् ही उनका है। वे भला, किसकी चोरी कर सकते हैं? हाँ, चोर तो वास्तव में वे लोग हैं, जो भगवान्‌ की वस्तु को अपनी मान कर ममता-आसक्ति में फँसे रहते हैं और दण्ड के पात्र बनते हैं। उपर्युक्त सभी दृष्टियोंसे यही सिद्ध होता है कि माखन चोरी चोरी न थी, भगवान्‌ की दिव्य लीला थी। असल में गोपियों ने प्रेम की अधिकता से ही भगवान्‌ का प्रेम का नाम 'चोर' रख दिया था, क्योंकि वे उनके चित्तचोर तो थे ही।

जो लोग भगवान् श्रीकृष्ण को भगवान् नहीं मानते, यद्यपि उन्हें श्रीमद्भागवत में वर्णित भगवान्‌ की लीलापर विचार करने का कोई अधिकार नहीं है, परन्तु उनकी दृष्टि से भी इस प्रसंग में कोई आपत्तिजनक बात नहीं है। क्योंकि श्रीकृष्ण उस समय लगभग दो-तीन वर्ष के बच्चे थे और गोपियाँ अत्यधिक स्नेह के कारण उनके ऐसे-ऐसे मधुर खेल देखना चाहती थीं। आशा है, इससे शंका करनेवालों को कुछ सन्तोष होगा।



बुधवार, 15 मई 2024

 श्रीमद्भागवत के श्रोताओं के नियम 

श्रोता प्रतिदिन एक बार हविष्यान्न भोजन करें। पतित, दुर्जन आदि का संग तो दूर रहा, उनसे वार्तालाप भी न करें। ब्रह्मचर्य पालन, भूमिशयन (नीचे आसन बिछा कर या तख्त पर सोना) सबके लिये अनिवार्य है। एकाग्रचित्त होकर कथा सुननी चाहिये। जितने दिन कथा सुनें- धन, स्त्री, पुत्र, घर एवं लौकिक लाभ की समस्त चिन्ताएँ त्याग दें। मल-मूत्र पर काबू रखने के लिये हल्का आहार सुखद होता है। यदि शक्ति हो तो सात दिन तक उपवास करके कथा सुनें। अन्यथा दूध पीकर सुखपूर्वक कथा सुनें। इससे भी काम न चले तो फलाहार या एक समय अन्न-भोजन करें। जिस तरह भी सुखपूर्वक कथा सुनने की सुविधा हो, वैसे कर लें। प्रतिदिन कथा समाप्त होनेपर ही भोजन करना उचित है। दाल, शहद, तेल, गरिष्ठ अन्न, भाव दूषित अन्न तथा बासी अन्न का परित्याग करें। काम, क्रोध, मद, मान, ईर्ष्या, लोभ, दम्भ, मोह तथा द्वेष से दूर रहें। वेद, वैष्णव, ब्राह्मण, गुरु, गौ, व्रती, स्त्री, राजा तथा महापुरुषों की कभी भूलकर भी निन्दा न करें। रजस्वला, चाण्डाल, म्लेच्छ, पतित, व्रतहीन, ब्राह्मणद्रोही तथा वेद-बहिष्कृत मनुष्यों से वार्तालाप न करें। मनमें सत्य, शौच, दया, मौन, सरलता, विनय तथा उदारताको स्थान दें। श्रोताओं को वक्ता से ऊँचे आसन पर कभी नहीं बैठना चाहिये ।

 श्रीमद्भागवत की महिमा

श्रीम‌द्भागवत की महिमा मैं क्या लिखूँ? उसके आदि के तीन श्लोकों में जो महिमा कह दी गयी है, उसके बराबर कौन कह सकता है? उन तीनों श्लोकोंको कितनी ही बार पढ़ चुकनेपर भी जब उनका स्मरण होता है, मनमें अद्भुत भाव उदित होते हैं। कोई अनुवाद उन श्लोकों की गम्भीरता और मधुरता को पा नहीं सकता। उन तीनों श्लोकों से मन को निर्मल करके

फिर इस प्रकार भगवान्‌का ध्यान कीजिये -

ध्यायतश्चरणाम्भोजं भावनिर्जितचेतसा ।

 औत्कण्ठ्याश्रुकलाक्षस्य हृद्यासीन्मे शनैर्हरिः ।।

 प्रेमातिभरनिर्भिन्नपुलकाङ्गोऽतिनिर्वृतः । 

आनन्दसम्प्लवे लीनो नापश्यमुभयं मुने ।। 

रूपं भगवतो यत्तन्मनःकान्तं शुचापहम् । 

अपश्यन् सहसोत्तस्थे वैक्लव्याद् दुर्मना इव ।।

मुझ को श्रीमद्भागवत में अत्यन्त प्रेम है। मेरा विश्वास और अनुभव है कि इसके पढ़ने और सुनने से मनुष्य को ईश्वर का सच्चा ज्ञान प्राप्त होता है और उनके चरणकमलों में अचल भक्ति होती है। इसके पढ़ने से मनुष्य को दृढ़ निश्चय हो जाता है कि इस संसार को रचने और पालन करनेवाली कोई सर्वव्यापक शक्ति है-

एक अनन्त त्रिकाल सच, चेतन शक्ति दिखात । 

सिरजत, पालत, हरत, जग, महिमा बरनि न जात ।।

इसी एक शक्ति को लोग ईश्वर, ब्रह्म, परमात्मा इत्यादि अनेक नामों से पुकारते हैं। भागवत के पहले ही श्लोक में वेदव्यासजी ने ईश्वर के स्वरूप का वर्णन किया है कि जिससे इस संसार की सृष्टि, पालन और संहार होते हैं, जो त्रिकाल में सत्य है- अर्थात् जो सदा रहा भी, है भी और रहेगा भी- और जो अपने प्रकाश से अन्धकार को सदा दूर रखता है, उस परम सत्य का हम ध्यान करते हैं। उसी स्थान में श्रीम‌द्भागवत का स्वरूप भी इस प्रकार से संक्षेप में वर्णित है कि इस भागवत में- जो दूसरों की बढ़ती देखकर डाह नहीं करते, ऐसे साधुजनों का सब प्रकार के स्वार्थ से रहित परम धर्म और वह जानने के योग्य ज्ञान वर्णित है जो वास्तव में सब कल्याण का देने वाला और आधिभौतिक, आधिदैविक और आध्यात्मिक- इन तीनों प्रकार के तापों को मिटाने वाला है। और ग्रन्थों से क्या, जिन सुकृतियों ने पुण्य के कर्म कर रखे हैं और जो श्रद्धा से भागवत को पढ़ते या सुनते हैं, वे इसका सेवन करने के समय से ही अपनी भक्ति से ईश्वरक्षको अपने हृदय में अविचलरूप से स्थापित कर लेते हैं। ईश्वर का ज्ञान और उनमें भक्ति का परम साधन - ये दो पदार्थ जब किसी प्राणी को प्राप्त हो गये तो कौन-सा पदार्थ रह गया, जिसके लिये मनुष्य कामना करे और ये दोनों पदार्थ श्रीम‌द्भागवत से पूरी मात्रा में प्राप्त होते हैं। इसीलिये यह पवित्र ग्रन्थ मनुष्यमात्रका उपकारी है। जबतक मनुष्य भागवतको पढ़े नहीं और उसकी इसमें श्रद्धा न हो, तबतक वह समझ नहीं सकता कि ज्ञान-भक्ति-वैराग्य का यह कितना विशाल समुद्र है। भागवत के पढ़ने से उसको यह विमल ज्ञान हो जाता है कि एक ही परमात्मा प्राणी-प्राणी में बैठा हुआ है और जब उसको यह ज्ञान हो जाता है, तब वह अधर्म करने का मन नहीं करता; क्योंकि दूसरों को चोट पहुँचाना अपने को चोट पहुँचाने के समान हो जाता है। इसका ज्ञान होने से मनुष्य सत्य धर्म में स्थिर हो जाता है, स्वभाव ही से दया-धर्म का पालन करने लगता लगता है और किसी अहिंसक प्राणी के ऊपर वार करने की इच्छा नहीं करता। मनुष्योंमें परस्पर प्रेम और प्राणिमात्र के प्रति दया का भाव स्थापित करने के लिये इससे बढ़कर कोई साधन नहीं। वर्तमान समय में, जब संसार के बहुत अधिक भागों में भयंकर युद्ध छिड़ा हुआ है, मनुष्य मात्र को इस पवित्र धर्म का उपदेश अत्यन्त कल्याणकारी होगा।

“तू करता वहीं है जो तू चाहता है। होता वहीं है जो मैं चाहता हूं। इसलिए तू वो कर जो मैं चाहता हूं। फिर होगा वहीं जो तू चाहता है।” मनुष्य की इच...