गुरुवार, 15 सितंबर 2022

मानव जीवन

 परमात्मा ने मानव को ही ऐसी शक्ति दी है कि मानव अपनी शक्ति और बुद्धि का सदुपयोग कर सकता है। वह इस शक्ति और बुद्धि का उपयोग भगवान् के लिए करता है, तब मृत्यु से पहले ही उसे परमात्मा के दर्शन होते हैं, पर प्रायः मानव अपनी बुद्धि का उपयोग धन प्राप्ति के लिए करता है और शक्ति का उपयोग भोग के लिए करता है। इससे वह अन्तकाल - में बहुत पछताता है। शक्ति और बुद्धि परमात्मा के लिए हैं। दुर्लभ मनुष्य शरीर पाकर परमात्मा के दर्शन के लिए जो प्रयत्न नहीं करता है, वह स्वयं अपनी ही हिंसा कर रहा है। ऋषि उसे आत्मघाती कहते हैं।

जिसकी परमात्मा के दर्शन की इच्छा है, जो प्रभु के दर्शन के लिए प्रयत्न करता है, उसे भले ही परमात्मा के दर्शन न हों, पर उसका मरण सुधरता है। अन्तकाल के समय में उसे शान्ति प्राप्त होती है। उसका मरण मंगलमय होता है। किसी भी प्रकार के लौकिक मन में रहती है, अन्तकाल के समय में उसे बहुत त्रास होता है। सुख की इच्छा जिसके मानवेतर किसी प्राणी को प्रभु के दर्शन नहीं होते हैं। स्वर्ग के देवों को भी भगवान् के दर्शन नहीं होते हैं। स्वर्ग में देव अति सुखी हैं। भले ही वे सुख भोग लें, पर उस सुख का अन्त तो है ही। संसार का एक नियम है जहाँ सुख है, वहाँ दुःख भी है जो मर्यादा को छोड़कर सुख भोगता है, उसकी इच्छा चाहे न हो, उसे दुःख भोगना ही पड़ता है स्वर्ग के देव हमसे अधिक सुख भोगते हैं, उन्हें अति सुख मिलता है, फिर भी उन्हें शान्ति नहीं मिलती है शान्ति तो परमात्मा के दर्शन से ही मिलती है।

इससे देव ऐसी इच्छा करते हैं कि उन्हें भारत में जन्म मिले। भारत भक्ति-भूमि है। स्वर्ग में नर्मदाजी नहीं हैं, गंगाजी नहीं है, साधु-संन्यासी नहीं हैं। वहाँ सभी भोगी जीव है। स्वर्ग भोग भूमि है जिसने बहुत पुण्य एकत्र किये हों वह सुख भोगने के लिए स्वर्ग में जाता है परन्तु स्वर्ग से भी भारत देश श्रेष्ठ है। देव, भक्ति नहीं कर सकते हैं। भक्ति मानव शरीर से ही होती है। मानव सावधान रहने पर पाप छोड़ सकता है। मानव प्रतिक्षण सावधान रह कर, पाप छोड़कर भक्ति करे तो मृत्यु से पहले उसे भगवान् के दर्शन होते हैं। सभी मानवेतर प्राणियों को भोग ही मिलता है। मानव-शरीर की यही विशेषता है कि मानव, विवेक से थोड़ा सुख भोग करे और भक्ति करे तो उसे भोग और भगवान दोनों मिलते हैं। श्रीकृष्ण दर्शन मानव शरीर द्वारा ही हो सकते हैं। मानव में ऐसी शक्ति है।

स्वर्ग के देव पुण्य का फल, सुख भोगते हैं। पशु, पाप का फल, दुःख भोगते हैं। पशु आत्मा को शरीर समझता है। शरीर से आत्मा अलग है, मानव इसे जानता है। "शरीर ही मैं हूँ, शरीर ही आत्मा है"- ऐसा पशु समझते हैं। इससे वे शरीर-सुख में मग्न रहते हैं। पशु का स्वभाव सुधरता नहीं है। बिल्ली जन्म से लेकर मृत्यु तक चूहे की हिंसा करती है। बिल्ली ने कभी चूहे की हिंसा करना छोड़ दिया हो, ऐसा सुना नहीं है। पशु स्वभाव को छोड़ नहीं सकते। उनका स्वभाव एक-सा रहता है।

मानव चाहे तो अपने स्वभाव को सुधार सकता है। जप करने से, कथा सुनने से आपका स्वभाव सुधरेगा। सत्संग से स्वभाव सुधरता है। भक्ति करने से जीव में परमात्मा के सद्गुण आते हैं और तब मानव का स्वभाव सुधरता है। जिसका स्वभाव सुधरता है उसे मृत्यु से पहले ही मुक्ति मिलती है।

मानव चाहे तो पाप छोड़ सकता है और पुण्य कर सकता है। पशु-पक्षी नया पाप नहीं कर सकते हैं। उनसे कदाचित् पाप हो तो प्रभु क्षमा करते हैं। देव, पुण्य नहीं कर सकते हैं। मानव चाहने पर पाप छोड़ सकता है। वह निरन्तर भक्ति कर सकता है। निरन्तर भक्ति करने पर भगवान के दर्शन होते हैं। परमात्मा के दर्शन से जीव कृतार्थ होता है।

श्री डोंगरेजी महाराज



बुधवार, 14 सितंबर 2022

श्रीराम- श्रीश्याम 1

 

राम-नाम का सतत जप करो और रामजी की सेवा करो ! रामजी की सेवा अर्थात् रामजी की मर्यादा का पालन ।रामजी की मर्यादा का पालन करोगे तो तुम्हारे मन का रावण अर्थात् काम मरेगा तुम्हारे मन का काम मरेगा तो श्रीकृष्ण परमात्मा आयेंगे। श्रीराम के  पीछे ही श्रीकृष्ण आते हैं। भागवत में भी श्रीरामचरित के कहने के उपरान्त ही श्रीकृष्ण चरित का वर्णन किया है। रामचन्द्रजी का वर्णन रामायण में विस्तार से किया हुआ होनेपर भी श्रीमद्भागवत में भी उसका संक्षेप में वर्णन किया गया है। कारण यह है कि जो श्रीरामचन्द्रजी की मर्यादा का पालन करता है, उसको ही कन्हैया मिलता है । रावण को अर्थात् कामवासना को मारे, वही श्रीकृष्ण लीला का दर्शन कर सकता है ।

वासना दो प्रकार की है, स्थूल और सूक्ष्म । इन्द्रियो मे रहने वाली वासना स्थूल है और मन-बुद्धि में रहने वाली वासना सूक्ष्म है । सन्तो का धर्म जीवन में उतारने से स्थूल वासना का तो नाश हो जाता है परन्तु मन-बुद्धि में रहने वाली सूक्ष्म वासना नष्ट नहीं हो पाती सूक्ष्म वासना का नाश तो श्रीराम श्रीकृष्ण करते हैं।


श्रीरामचन्द्रजी सूर्यवंश में प्रकट हुए है और श्रीकृष्ण, चन्द्रवंश में प्रकट हुए है। चन्द्र मन के मालिक है और सूर्य बुद्धि के । मन-बुद्धि में रहनेवाली सूक्ष्म वासना का तभी विनाश हो पाता है, जब श्रीराम-कृष्ण की आराधना करने में आवे । वासना का पूर्ण क्षय हुए बिना मोह का नाश होता नही और मोह का नाश हुए बिना मुक्ति मिलती नहीं । मन में से सूक्ष्म मल का नाश हो, तभी मन मरता है । मन मरे, मन श्रीराम कृष्ण में मिल जाय तो मुक्ति मिलती है । आत्मा तो नित्य मुक्त है । मुक्त तो मन को करना है । बन्धन मन को बाँधते है। मन के बन्धन का आरोप अज्ञान से आत्मा अपने ऊपर ले लेता है । यह अज्ञान से ऐसा समझता है कि मुझे किसीने बांधा है।

मन ने विषय-वासनाओं को पकड़ रखा है, उससे वह बन्धन मे पड़ जाता है ।  मानव को किसने बांधा है ? वासनाओ के अधीन होकर स्वयं ने स्वयं को बाँध रखा है।

ईश्वर के साथ एक होना है परन्तु मन-बुद्धि मे रहने वाली सूक्ष्म वासना प्रभु मिलन में विघ्न करती है । मानव का लक्ष्य परमात्मा से मिलना है, ईश्वरके साथ एक रूप होना है । उसके लिए बुद्धि में से भी वासनाओं का विनाश करना है। बुद्धि में वासना का थोड़ा भी अंश रह जाय तो बुद्धि निर्व्यसन होती नही, शुद्ध होती नही, स्थिर होती नही बुद्धि को निर्व्यसन करने के लिये शुद्ध करने के लिए स्थिर करने के लिए मन के मालिक चन्द्र की और बुद्धि के मालिक सूर्य की आराधना करनी आवश्यक है।

राम न आये तब तक श्रीकृष्ण आते नहीं। भागवत में मुख्य कथा श्रीकृष्ण की होने पर भी पहले श्रीराम का प्रकटन है और पीछे श्रीकृष्ण पधारे है । मनुष्य रामजी की मर्यादा का पालन करे तो ही श्रीकृष्ण लीला का रहस्य समझ सकता है। मनुष्य को थोड़ी सम्पत्ति मिले, थोड़ा अधिकार मिले, उसी से वह मर्यादा को भूल जाता है । रामजी की मर्यादा का पालन ही रामजी की उत्तम सेवा है। रामजी को पधाराना हो तो रामजी की मर्यादा का पालन करो। रामजी न पधारें तब तक श्रीकृष्ण आते नही । जो वेद की, शास्त्रों की मर्यादा का बराबर पालन करते हैं, उन्हीं का मन शुद्ध होता है । उन्ही को पीछे प्रेम भक्ति का रङ्ग लगता है । इसलिए मर्यादा पुरुषोत्तम की लीला पहले वर्णन की गयी है । पुष्टि- पुरुषोत्तम पीछे आये है । उदाहरण के तौर पर मास्टरजी सरल अक्षर पहले पढाते हैं और जटिल अक्षर पीछे पढ़ाते हैं।


श्रीराम मर्यादा रूप हैं और श्रीकृष्ण प्रेम-रूप है। मर्यादा और प्रेम जीवन में उत्तारोगे तो सुखी रहोगे श्रीराम और श्रीकृष्ण एक ही है। दोनों साक्षात् पूर्ण पुरुषोत्तम के अवतार हैं श्रीमद्भागवत में भगवान के चौबीस अवतारों की कथा आती है महापुरुष कहते हैं कि अल्पकाल के लिए थोड़े जीवों का उद्धार करने के लिए जो अवतार होता है, वह अंशावतार है और अनन्तकाल के लिए अनन्त जीवों का कल्याण करने के लिए जो अवतार होता है, वह पूर्णावतार है । भगवान के जितने अवतार हुए हैं वे सभी श्रेष्ठ हैं, कोई अवतार साधारण नहीं परन्तु श्रीराम और श्रीकृष्ण के समान कोई हुआ नहीं। इनकी लीला अलौकिक है।


भक्ति में दुराग्रह न रखो श्रीराम में दो कला कम है, ऐसा मत मानो। दोनों अवतार परिपूर्ण है। रामावतार में रामजी ने सब कुछ किया राक्षसों को मारा, अनेक यज्ञ किये, प्रजा को अतिशय सुखी किया, अनेक जीवों को तारा। परन्तु रामजी राजाधिराज थे, इसलिए गायों की सेवा कर सके नहीं। रामजी के यहाँ अनेक सेवक थे, इसलिए गायों की पूजा, गायों की सेवा उन्होंने रामजी को करने दी नहीं। इसी कारण से रामजी श्रीकृष्ण स्वरूप में गायों की सेवा करने के लिए व्रज में पधारे है। श्रीराम ही श्रीकृष्ण है। श्रीकृष्ण ही श्रीराम है।

श्रीराम श्रीकृष्ण एक ही है। दोनों की लीला पृथक है। एक दशरथ महाराज के राजमहल में अवतरित हुए है, दूसरे कंस के कारागार मे । एक दिन के बारह बजे प्रगट हुए हैं, दूसरे रात्रि के बारह बजे ।


मनुष्य दिन में दो बार सुध-बुध खोता है। दिन के बारह बजे भूख से और रात्रि को निवृत्ति में काम सुख की याद से ।ये दोनों समय पवित्र करने है। दिन मे रामजी को बाद करो और रात्रि में श्रीकृष्ण को, तो ये दोनो समय पवित्र हो जायेगे मर्यादापुरुषोत्तम रामजी की मर्यादा का पालन करो तो  पुरुषोत्तम श्रीकृष्ण पुष्टिपूर्वक कृपा करेंगे ।

श्रीकृष्ण में समस्त सद्गुण होने पर भी श्रीकृष्ण का चरित्र ऐसा दिव्य है कि जल्दी  से बुद्धि स्वीकार नही करती। श्रीकृष्ण का जीवन रहस्य समझना कठिन है। श्रीराम की लीला का रहस्य समझना बहुत कठिन नहीं । श्रीरामजी की मर्यादा का पालन करना - यह बहुत कठिन है। तुम किसी भी देवता की सेवा करो, किसी भी सम्प्रदाय की शिक्षा ग्रहण करो परन्तु तुम को रामजी की सेवा तो करनी ही पड़ेगी। श्रीरामजी के दर्शन बिना श्रीरामजी की सेवा बिना, जीवन शुद्ध होगा ही नही। भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति करे उसे भी श्रीरामजी की सेवा करनी ही पड़ेगी। कोई वैष्णव ऐसा मानता हो कि मैं रामजी की सेवा नहीं करूँ, रामजी को नहीं मानें, तो उसकी सेवा श्रीकृष्ण को सहन होती नहीं। कोई शिवजी की सेवा करता हो और रामजी को न माने तो उसकी सेवा शिवजी को सहन नही होती।


जगत में जिसने देवता हैं, सबकी लीला अनुकरणीय नहीं रामजी की प्रत्येक लीला अनुकरणीय है।शिवजीकी सभी लीला अनुकरणीय नहीं।

श्रीशिवजी महाराज तो सारे अंग पर चिता भस्म धारण करते हैं। चिता-भस्म शिव स्पर्श से पवित्र होती है। तुम उज्जैन गये होगे, उज्जैन में महाकालेश्वर विराजते है। वहाँ श्मशान में से शिवजी महाराज के लिए भस्म आती है। वहाँ जो पूजा होती है, उसमें ऐसा नियम है कि शिवजी को अभिषेक कराने के पश्चात् सबसे पहले चिता भस्म अपंग करते हैं परन्तु हमसे ऐसा नहीं होगा। हम चिता भस्म लगायें तो नहाना पड़ेगा। शंकर भगवान तो जहर भी पी गये। हमसे ऐसा हो सकेगा क्या ?

भगवान शंकर के पास एक बार कामदेव गया था। शिवजी ने आँख उठाकर देखा । कामदेव जलकर भस्म हो गया। शिवजी का कामदेव स्पर्श कर सकता नहीं । जो अमंगलरूप काम को मारता है उसका सब कुछ मंगलमय है । शास्त्र मे काम को अमंगल कहा गया है।

शिवजी की लीला दिव्य है। अपने जैसे साधारण मनुष्यो से उनका अनुकरण हो नहीं सकेगा। इसी प्रकार श्रीकृष्ण की प्रत्येक लीला अनुकरणीय नहीं है। श्रीकृष्ण जो करें सो अपने से होगा नही ।

श्रीकृष्ण माखन की चोरी करते हैं और हम करे तो ? करो तो उसके पीछे खबर पढे कि क्या होता है। श्रीकृष्ण की सभी लीला अटपटी है। श्रीकृष्ण माखन की चोरी नहीं करते हैं यह तो गोपियो का प्रेम ऐसा है कि वह परमात्मा का आकर्षण करता है ।गोपियो के घर माखन खाने की परमात्मा की इच्छा होती है । श्रीकृष्ण जगत का आकर्षण करते है और श्रीकृष्ण का आकर्षण गोपी-प्रेम करता है । श्रीकृष्ण ने चोरी की, ऐसा सन्तों ने कहा नही, श्रीकृष्ण तो मालिक ही हैं। ये तो गोपियाँ, लाला को लाड़ में ऐसा कहती थी कि कन्हैया माखन चोर है । प्रेम मे कोई गाली भी दे तो तनिक भी बुरा लगता नही । गोपी तो प्रेम की मूर्ति हैं गोपी भले ही लाला को माखन चोर कहकर बुलायें परन्तु तुम किसी भी दिन माखन चोर कहना नही । तुम लाला को माखन चोर कहोगे तो लाला को सहन होगा नहीं। कन्हैया कहेगा, मैं चोर नही, तू चोर, तेरा बाप चोर और तेरा दादा भी चोर घर मे किस प्रकार एकत्रित करके बङ्गला बनाया है उस सबको मैं जानता हूँ । मुझको सब खबर है कैसा है, यह तो मैं जानता हूँ चोर तो तू है मैं तो मालिक हूँ।

अरे ! ताला तोड़कर ले जाय, क्या उसी को चोर कहते है ? आजकल तो कितने ही चोरी की ऐसी चतुराई करते हैं कि किसी को खबर ही नही पडती । यहाँ भले ही खबर न पड़े परन्तु ऊपर तो ठाकुरजी को सब खबर पड़ ही जाती है।

जगत में जो कुछ भी है, उसके मालिक श्रीकृष्ण ही है। श्रीकृष्ण जो करे, वह तुमको करणीय नही । गोपी तो तन, मन, धन सर्वस्व श्रीकृष्ण को अर्पण कर देती है। उन गोपियो के घर जाकर कन्हैया माखन खायगे तो यह उनकी प्रेम-लीला है। उसके अनुकरण करने की मनाही है।

श्रीकृष्ण कालिय नाग के ऊपर नाचते थे । अपने को तो नाग का नाम लेते ही घबराहट होती है। 

जहर पचाने के पीछे ही श्रीकृष्ण का अथवा शिवजी महाराज का अनुकरण हो सकता है? अपने में यह शक्ति नहीं। हम जहर पीकर पचा सकते नहीं ।

श्रीकृष्ण की रासलीला का श्रवण करो। सुनकर पीछे उसका मनन करो परन्तु उनका अनुकरण न करो। रासलीला का अनुकरण नहीं करना है । रासलीला का श्रवण करो, आँख बन्द करके रासलीला का चिन्तन करो। रासलीला का चिन्तन करने से काम विकार का नाश होता है । शुद्ध जीव का ब्रह्म के साथ रमण, यही तो रास है । रासलीला अर्थात् जीव और ईश्वर का मिलन रासलीला, यह कामलीला नहीं रासलीला में जिसे काम की गन्ध आती है, उसकी बुद्धि बिगड़ी हुई है श्रीकृष्ण के सामने काम टिक ही नहीं सकता ।

एक समय कामदेव को अभिमान हुआ कि मैं बड़े से बड़ा देव हूँ। बड़े-बड़े ऋषि मेरे अधीन हो जाते हैं। बड़े-बड़े देवता भी मेरे अधीन रहते हैं उस अभिमान काम देव श्रीकृष्ण के पास गया और उनसे कहा- 

'मेरी और आपकी कुश्ती हो', 

संस्कृत में काम का नाम है मार । समय आनेपर सभी को मारता है । कामदेव की श्रीकृष्णके ऊपर शक्ति आजमाने की इच्छा हुई।

श्रीकृष्णने कामदेव से कहा 

'शिवजीने तुमको जला दिया था, वह भूल गया।'

कामदेवने कहा-

 'शिवजी ने मुझे जलाया, यह बात सच है परन्तु उसमें मेरी थोड़ी भूल थी। शिवजी समाधि में बैठे थे । तेजोमय ब्रह्म का चिन्तन कर रहे थे । पूर्ण सावधान थे, उसी समय में मैं उनको मारने गया । मैंने समय का विचार किया नहीं। इससे मेरी हार हो गयी और शिवजी ने मुझे जलाकर भस्म कर दिया। समाधि में बैठे-बैठे जलावे, इसमें विशेष आश्चर्य नहीं ।'

प्रभुने कहा- 

'रामावतार में भी तेरी हार हुई।'

कामदेवने कहा-

' रामावतार मे तो आप खुब मर्यादा में रहते थे। किसी भी स्त्री का स्पर्श करते नहीं थे। स्त्री के सामने देखते भी नहीं थे देखते तो मातृभाव से देखते थे। रामावतार मे खूब मर्यादा पाल कर मेरा पराभव किया था। मर्यादा में रहकर साधारण जीव भी मेरा पराभव कर सकता है। गृहस्थाश्रम रूपी किले में रहकर आपने मुझे मारा है। रामावतार मे तो आप एक पत्नीव्रत पालते थे। इसलिए आपने मुझे मारा। इसमें क्या आश्चर्य ?'

श्रीकृष्णने कहा 

'तो अब तेरी क्या इच्छा है ?'

कामदेवने कहा--- 

'रामावतार में मर्यादा में रहकर आपने मुझे हराया, इसमें कोई खास बात नही । अब इस कृष्णावतार में आप कोई मर्यादा न रखो। मर्यादा तो साधारण मनुष्य के लिए है, परमात्मा के लिए होती नही ।आपको मर्यादा पालने की क्या जरूरत है ? सब प्रकार की मर्यादा छोड़कर शरद् पूर्णिमा की रात्रि मे अनेक स्त्रियों के साथ वृन्दावन में आप विहार करो और मैं आपको बाण मारूं तब भी आप निर्विकारी रहो तो आपकी जीत और कामाधीन बनो तो मेरी जीत ।आप निर्विकारी रहो तो आप ईश्वर और मेरे अधीन बनो मै  ईश्वर ।

रामावतार में शरीर से तो नही परन्तु मन से भी किसी स्त्री का स्पर्श किया नहीं । मन से स्पर्श हो, यह भी पाप है। कृष्णावतार में श्रीकृष्ण पुष्टि पुरुषोत्तम हैं। काम ने ऐसा माना कि

 'श्रीकृष्णको हराना सरल है।' 

श्रीकृष्ण तो गोपियों के साथ स्त्रियो के साथ मुक्त रूप से विहार करते हैं, इसलिए में उन्हें हरा सकूंगा ।

श्रीकृष्णने कहा है 

'तेरी इच्छा है तो मैं ऐसा ही करूंगा।'

स्त्रियों से दूर जङ्गल में बैठकर पत्ता चबा कर संयम पाले, काम को मारे इसमें आश्चर्य नहीं। प्रत्येक स्त्री में मातृभाव रखे और काम को मारे, इसमे भी कोई आश्चर्य नही परन्तु श्रीकृष्ण ने तो स्त्रियों के बीच रहकर काम को मारा। शरद् पूर्णिमा की रात्रि में गोपियो के साथ रासलीला मे रमण किया और काम के ऊपर विजय प्राप्त की । श्रीकृष्ण का स्मरण करने वाले को भी काम त्रास दे नहीं सकता तो श्रीकृष्ण  को तो वह दे सकता है ? काम का पराभव हुआ। काम ने धनुष-बाण फेंक दिया। रासलीला, यह काम के ऊपर विजय करने की लीला है । श्रीकृष्ण योगेश्वर हैं ।

श्रीकृष्ण की लीला अनुकरण करने के लिए नही परन्तु उसका श्रवण करके, चितन करके, उनमें तन्मय होने के लिए है । रामजी की प्रत्येक लीला अनुकरणीय है । रामजी की अमुक लीला अनुकरणीय और अमुक लीला चिन्तनीय है, ऐसा नही। रामजी का समस्त आचरण अनुकरणीय है । रामजी की प्रत्येक लीला अनुकरण करने योग्य है । आचरण हमेशा रामजी की तरह रखो श्रीकृष्ण परमात्मा है। श्रीकृष्ण कहे, वही करने योग्य है। । वे करे, वह करना नही है । श्रीराम परमात्मा है। श्रीराम करे वह करना है। रामजी पूर्ण पुरुषोत्तम होने पर भी मनुष्य को आदर्श बतलाते हैं। रामजी के सद्गुण जीवन में उतारने हैं। रामजी सब सद्गुणोके भण्डार है।


रामजी प्रत्येक स्त्री में मातृभाव रखते थे। किसी स्त्री को काम भाव से देखते नही थे। रामजी का मातृ प्रेम, पितृ प्रेम, बन्धु-प्रेम, रामजी का एकपत्नी व्रत, एकवचनी व्रत, रामजीका संयम, रामजीका सदाचार, रामजी की उदारता, रामजी की निष्कामता आदि मानव-जीवन में उतारने योग्य है। रामजी ने ऐश्वर्य छिपाया है। मनुष्यों जैसा नाटक किया है साधक का व्यवहार कैसा होना चाहिए, वह रामजी ने बताया है । साधक का व्यवहार रामजी जैसा होना चाहिए। सिद्ध पुरुष का आचरण कदाचित् श्रीकृष्ण का जैसा हो सके ।

रामजी की लीला सरल हैं। श्रीकृष्ण की सभी लीला गहन है। अटपटी हैं। रामजी की बाल- लीला भी अति सरल है। इनकी बाल लीला में भी अतिशय मर्यादा है। कन्हैया ने विचार किया कि रामावतार में मर्यादा का बहुत पालन किया, इसलिए दुःखी हुआ। अब की बार कृष्णावतार में मर्यादा का पालन नहीं करूँगा कन्हैया तो यशोदा माँ को भी चलाते है । बालकृष्ण माता से कहते हैं कि माँ तुम मुझे छोड़कर कहीं जाना नहीं तू घर का काम-काज छोड़कर मुझे खिलाया कर । पूरे दिन मुझे गोदी में लेकर खिलाया कर । कदाचित् कभी यशोदा माँ कन्हैया को छोड़कर घर का काम करने चली जायें तो क्या  तुफान मचा डालते है। दही -माखन की हांड़ी - मटके फोड़ देते हैं और माँ सजा देने आये तो लाला हाथ मे आवे ही नहीं।

श्रीराम तो अति सरल है, अति शान्त है। रामजी की बाल लीला में अतिशय मर्यादा है। छोटे भाइयो के साथ खेलते है तो इस रीति से खेलते है कि स्वयं की हार हो जाती है और लक्ष्मण की जीत हो जाती है ये तो बहुत सरल है सोचते है कि  भले ही मेरी हार हो जाय । बालकृष्ण जब खेलते है तो लाला की किसी दिन भी हार होती नही । कन्हैया जहाँ जाते है, वहाँ उनकी जीत ही होती है । रामजी माता-पिता की आज्ञा के बिना किसीके भी घर जाते नही । कन्हैया कभी यशोदा माँ की आज्ञा लेने जाते नहीं।


अयोध्या के लोग आये और रामलला को मनावे कि मेरी बहुत भावना है, तुम मेरे घर पधारो । तब रामचन्द्रजी कहते हैं- मैं स्वतन्त्र नहीं हूँ। मैं तो माता-पिता के अधीन हूँ। मैं माँ की आज्ञा मे रहता हूँ । तुम मेरी माँ से कहो। माँ मुझे आज्ञा देगी तो मैं तुम्हारे घर आऊँगा।


लोग कौशल्य जी को मनाते हैं, प्रार्थना करते हैं कि माँ मेरी बहुत इच्छा है कि रामजी मेरे घर पधारे तुम रामजी को मेरे घर भेज दो माँ !

कौशल्याजी आज्ञा देती हैं तो रामजी जाते हैं परन्तु ये तो मर्यादापुरुषोत्तम है और राजाधिराज है ये किसी के घर जाते हैं तो यहाँ शान्ति से गद्दे तकिये के सहारे बैठे ही रहते है । श्रीराम अति शांत है । कन्हैया की सभी लीला निराली हैं, बहुत गहन है । कन्हैया कभी किसी से ऐसा कहते नही कि तुम मेरी माँ से कहो ये आज्ञा देगी तो मैं तुम्हारे घर आऊंगा । कन्हैया को तो किसी के आमन्त्रण की जरूरत ही क्या थी ? कन्हैया तो कहते है, मुझे कौन निमन्त्रण देगा ? मैं तो घर का धनी हूँ। इसलिए वह तो सबके बगैर बुलाये ही गोपियों के घर जाते है परन्तु लाला का ऐसा नियम था कि जिस घर का मालिक है, जिसने अपना सर्वस्व मन से लाला को अर्पण कर दिया है, उसी के ही घर लाला जाता है यह किसी अन्य के घर नही जाता, चाहे जिसके घर जाकर यह माखन नही खाता। खाता तो वहा है जहाँ प्रेम है, वही जाता है। श्रीकृष्णकी लीला मे अतिशय प्रेम है। एक गोपी के घर लाला माखन खा रहे थे। उस समय गोपी ने लाला को पकड़ लिया । तब कन्हैया बोले- तेरे धनी की सौगन्ध खाकर कहता हूँ, अब फिर कभी भी तेरे घर मे नही आऊँगा गोपी ने कहा- मेरे धनी की सौगन्ध क्यों खाता है ?

कन्हैया ने कहा -

तेरे बाप की सौगन्ध, बस ?


गोपी और ज्यादा चिड जाती है और लाला को धमकाती है परन्तु तु मेरे घर आया ही क्यों ?

 कन्हैया ने कहा - 

अरी सखी! तू रोज कथा मे जाती है, फिर भी तू मेरा-तेरा छोड़ती नही इस घर का मै धनी हूं, यह घर मेरा है। गोपी को आनन्द हुआ कि मेरे घर को कन्हैया अपना घर मानता है। कन्हैया तो सबका मालिक है । सभी घर उसी के हैं। उसको किसी की आज्ञा लेने की जरूरत नही गोपी कहती है- तूने माखन क्यों खाया ?

लाला ने कहा -माखन किसने खाया है ? इस माखन मे चीटी चढ़ गई थी, उसे निकालने को हाथ डाला। इतने में ही तू टपक पड़ी। गोपी कहती है परन्तु, लाला ! तेरे ओठ के ऊपर भी तो माखन चिपक रहा है। कन्हैया ने कहा- चीटी निकालता था, तभी होट के ऊपर मक्खी बैठ गयी, उस उड़ाने लगा तो माखन ओठ पर लग गया होगा । कन्हैया जैसा बोलते है, ऐसा बोलना किसी को आता नही कन्हैया जैसे सा चलना भी किसीको आता नही। गोपी ने तो पीछे लाला को घर में थम्ब के साथ डोरीसे बांध दिया। कान्हा का श्रीअङ्ग बहुत ही कोमल है। गोपी ने जब डोरी कसकर बांधी तो कान्हा की आंख में पानी आ गया। गोपी को दया आयी, उसने लाला से पूछा लाला ! तुझे कोई तकलीफ है क्या ? लाला ने गर्दन हिलाकर कहा-

'मुझे बहुत दुख  रहा है, डोरी जरा ढीली कर।'

गोपी ने विचार किया कि लाला को डोरी से कसकर बांधना ठीक नहीं मेरे लाला को दुःख होगा। इसलिए गोपी ने डोरी थोड़ी ढीली रखी और पीछे सखियो को खबर देने गयी कि मैंने लाला को बाँधा है। तुम लाला को बाँधो परन्तु किसी से कहना नहीं। तुम खूब भक्ति करो परन्तु उसे प्रकाशित मत करो। भक्ति प्रकाशित हो जायेगी तो भगवान सटक जायेगे। भक्ति का प्रकाश होने से भक्ति बढ़ती नही, भक्तिमें आनन्द आता नहीं ।..


बालकृष्ण सूक्ष्म शरीर कर के डोरी में से बाहर निकल गये और गोपी को अंगुठा दिखाकर कहा, तुझे बाँधना ही कहाँ आता है ?


गोपी कहती है तो मुझे बता, किस तरह से बांधना चाहिये । गोपी को तो लाला के साथ खेल करना है, लाला गोपी को बांधते हैं।


योगीजन मन से श्रीकृष्णका स्पर्श करते है तो समाधि लग जाती है। यहां तो गोपी को प्रत्यक्ष श्रीकृष्ण का स्पर्श हुआ है। गोपी लाला के दर्शन में तल्लीन हो जाती है। गोपी का ब्रह्म-सम्बन्ध हो जाता है। लाला ने गोपी को बाँध दिया ।

गोपी कहती है कि लाला छोड़! छोड़! लाला कहते है मुझे बांधना आता है, छोड़ना तो आता ही नहीं । यह जीव एक ऐसा है, जिस को छोड़ना आता है। चाहे जितना प्रगाढ़ सम्बन्ध हो परन्तु स्वार्थ सिद्ध होने पर उसको भी छोड़ सकता है। परमात्मा एकबार बांध लें तो छोड़ते नहीं ।




श्रीराम- श्रीश्याम 2

 रामहिं केवल प्रेम विजारा जानि लेहु जो जाननि हारा ॥

 श्रीरामजीका नाम भी सरल है और स्वरूप भी सरल है। रामावतार में तो रामजी बहुत सरल थे परन्तु सरलता को लोगों ने मान नही दिया। जो बहुत सरल होता है, उसको भी लोग बहुत त्रास देते हैं । रामजी को बहुत सहन करना पड़ा था और इसी लिये तो कृष्णावतार में श्रीकृष्ण जन्म मे ही थोड़े बांके बने। प्रभु ने विचार किया, रामावतार में मैं बहुत ही सरल था परन्तु लोगो ने मान नही दिया। अतएव अब की बार मैं जन्म से ही बाँका रहूँगा ।

रामजी का नाम भी सरल है। राम नाम में एक भी जुड़वाँ अक्षर नहीं है। कृष्ण नाम में एक भी सरल अक्षर नही है, दोनो युग्माक्षर है। श्रीकृष्ण प्रकट हुए मथुरा के कारागार में, झूले गोकुल में, खेले वृन्दावन में, बड़े हुए मथुरा में और राज्य किया द्वारिका मे । इस प्रकार उनकी सभी लीला अटपटी हैं।

रामावतार मे तो ये अतिशय सरल हैं। रामजी खड़े रहते है तो भी सरलता से । बालकृष्ण खड़े रहते है, कभी-कभी वाँके होकर इसीलिए तो लाला का नाम पड़ा है। बाके बिहारी लाल !

श्रीकृष्ण सरल भी तो है कन्हैया बहुत भोले है बहुत प्रेमी है। लाला के लिये कोई थोड़ा माखन मिश्री ले जाय तो कन्हैया प्रेम से आरोगते हैं कि मेरे लिये माखन लाया है। कन्हैया बहुत सरल है परन्तु ये जगत को बताते है कि मै सरल के साथ सरल हैं परन्तु कोई बांका होकर आवे तो मैं भी उसके साथ बाँका हो जाता हूँ ।

श्रीराम तो सबके साथ सरल हैं । श्रीकृष्ण सरल के साथ सरल है, बांकेके साथ बाँके हैं । श्रीराम तो रावण के साथ भी सरल हैं। श्रीराम सज्जन - दुर्जन सबके साथ सरल हैं। जीव का अपराध रामजी देखते नही श्रीकृष्ण सज्जन के साथ सरल है, दुर्जन के साथ सरल नही हैं। सुदामाजी आँगनमे आये है, ऐसा सुनकर श्रीकृष्ण सिंहासन से कूद पड़े और सामने गये, सुदामाजी को आलिंगन किया । परमात्मा श्रीकृष्ण सुदामाजी के चरण पखारते है और उनको गद्दी के ऊपर बैठाते है, स्वयं नीचे बैठे है सुदामाजी सच्चे ब्राह्मण है इसलिए श्रीकृष्ण उनके साथ अतिशय सरल है परन्तु श्रीकृष्ण महाभारत के युद्ध में द्रोणाचार्यके साथ सरल नहीं है, बाँके है। सुदामाजी ब्राह्मण है और द्रोणाचार्य भी ब्राह्मण है। द्रोणाचार्य वेद-शास्त्रो सम्पन्न ज्ञानी ब्राह्मण है।

द्रोणाचार्य साधारण ब्राह्मण नही है। चार वेद और छः शास्त्रोके ज्ञाता है । प्रभुने विचार किया कि बहुत ज्ञाता होनेसे क्या ? वे स्वरूपको भूले हुए हैं। बहुत ज्ञानवान हो कर पाप करे तो ठाकुरजी को भी गुस्सा आता है। जिसने ज्ञान पचाया है, वह कभी कपट करता नही, किसी के साथ अन्याय नहीं करता । कपट करने से ही हृदय बाँका होता है। सच्चे ज्ञानी का लक्षण यह है कि उसका हृदय बहुत सरल होता है, कोमल होता है और उसका व्यवहार शुद्ध होता है । द्रोणाचार्य जानते थे कि युद्ध करना ब्राह्मण का धर्म नही । फिर भी वह युद्ध करते हैं। इनको अच्छी तरह खबर थी कि दुर्योधन ने अन्याय किया है, फिर भी दुर्योधन को सहायता करनेके लिए वे युद्ध करते हैं।


द्रोणाचार्य ने इतना बड़ा अपराध किया। श्रीकृष्णने विचार किया कि इतना बड़ा ज्ञानवान है, ज्ञानी है। जानते हुए भी पाप करता है। मैं भी समझकर कपट करूंगा ।

महाभारत युद्ध में अश्वत्थामा नाम के हाथी को मरवा कर श्रीकृष्ण ने इस बात की चर्चा फैलायी कि द्रोणपुत्र अश्वत्थामा मारा गया है। द्रोणाचार्य को ऐसा लगा कि श्रीकृष्ण तो कदाचित् बुरा भी बोल सकते है। इनसे कौन कहने वाला है ? चलो, युधिष्ठिर से पूछें, ये असत्य नहीं बोलते।

परन्तु श्रीकृष्ण ने तो धर्मराज से पहले कह रखा था कि मैं जो कहूँ वही तुम कहना । सत्य की व्याख्या समझाते हुए श्रीकृष्ण भगवान ने धर्मराजसे कहा, सबमें सद्भाव रखते हुए सबका हित हो, ऐसा बोले उसी का नाम सत्य है । द्रोणाचार्य ज्ञानी ब्राह्मण हुए भी दुर्योधन रूपी अधर्म की सहायता करते है । 'अश्वत्थामा मारा गया, सुनकर द्रोणाचार्य युद्ध छोड़ देंगे। युद्ध छोड़े, उसीमें उनका कल्याण है। इसलिए तुम मेरी बात का अनुमोदन करना। श्रीकृष्णके कहने से ही धर्मराज को 'नरो वा कुंजरो वा' कहना पड़ा। धर्मराजके कहने से द्रोणाचार्य ने शस्त्र छोड़े और उनका वध हुआ । श्रीकृष्ण कपट करके मारते हैं। श्रीकृष्ण ब्राह्मणकी पूजा भी करते है और कोई ब्राह्मण जब ज्ञान को भूलता है तो कपट करके उसे मारते भी है। श्रीकृष्ण की सभी लीलाएं दिव्य है। रामजी की सभी लीलाएँ बहुत सरल हैं। रामजी की जैसी सरलता कहीं भी देखने को नहीं मिलेगी।  

 राम-रावण युद्ध में रावण जिस समय बहुत थक गया, घायल हो गया, घबरा गया, उस समय श्रीरामचन्द्रजी उसे घर जाकर आराम करने को कहते हैं। फिर आने वाले कल को युद्ध करेंगे रामजी रावणसे ऐसा कहते हैं।


श्रीराम रावणके साथ सरल हैं परन्तु श्रीकृष्ण दुर्योधनके साथ सरल नही । रामचन्द्रजी कुटिल के साथ भी सरल व्यवहार करते हैं और श्रीकृष्ण सरल के साथ सरल और कुटिल के साथ कुटिल व्यवहार रखते हैं। तुम किसी को धोखा मत देना परन्तु व्यवहार में सावधान रहना कि तुमको भी कोई धोखा न दे जाये ।


श्रीराम और श्रीकृष्ण के समान इस जगतमें हित करनेवाला और कोई नही। देवता, मनुष्य सब की यह रीति है कि सब स्वार्थके लिए ही प्रीति करते हैं । श्रीराम श्रीकृष्ण तो पूर्ण निष्काम है। बालि को मारकर किष्किन्धा का राज्य रामजी के चरणों आया। राज्य का शासन करने के लिए सुग्रीव ने रामजी से विनती की।

रामजी ने मना किया और किष्किन्धा का राज्य सुग्रीवको सौप दिया। रावण को मारने के पश्चात् लंका का राज्य रामजी ने विभीषण को सौंप दिया।

कंस को मारने के बाद मथूरा का राज्य मिला, वह श्रीकृष्ण ने लिया नहीं उग्रसेन को सौंप दिया।

श्रीराम एवं श्रीकृष्ण जैसा उदार कोई हुआ नहीं। ये पूर्ण अनासक्त है। परमात्मा जीव के प्रति अतिशय उदार हैं अतिशय दयालु है। जीव की योग्यता न होते हुए भी ये जीवके ऊपर खूब अनुग्रह करते हैं।


श्रीरामकी उदारता और दीन वत्सलता बेजोड़ है ।


ऐसो को उदार जग माहीं ।

 बिनु सेवा जो द्रवै दीन पर

 राम सरिस कोउ नाहीं ॥


जो गति जोग बिराग जतन करि नहिं पावत मुनि ग्यानी । 

सो गति देव गीध परी कहूँ प्रभु ने बहुत जिय जानी ॥


अरे, परमात्मा तो ऐसे उदार है, ऐसे दयालु है कि वैर भाव से भी भजने वाले को मुक्ति दे देते हैं। राम ने राक्षसो को सद्गति दी है। श्रीकृष्ण ने पूतना, शिशुपाल, दन्तवक्त्र इत्यादि को सद्गति दी है। श्रीराम श्रीकृष्ण दो नहीं एक ही के दो स्वरूप है, निराकार ब्रह्म है, एक ही परमात्मा के दो भिन्न अवतार है ।


ब्रह्म जो व्यापक विरन अन अकल अनीह अमेद ।


सो कि देह परि होर नर जादि न जानरा वेद ।।






शुक्रवार, 9 सितंबर 2022

बस की सीट


प्रेरक कहानी 

 महलों मे भी एक दिन कबूतर अपना घोंसला बना लेते है ...!

          

सेठ घनश्याम के दो पुत्रों में जायदाद और ज़मीन का बँटवारा चल रहा था और एक चार पट्टी के कमरे को लेकर विवाद गहराता जा रहा था , एक दिन दोनों भाई मरने मारने पर उतारू हो चले, तो पिताजी बहुत जोर से हँसे। 

पिताजी को हँसता देखकर दोनों भाई  लड़ाई को भूल गये और पिताजी से हँसी का कारण पूछा।  

 तो पिताजी ने कहा-- 

"इस छोटे से ज़मीन के टुकड़े के लिये इतना लड़ रहे हो, छोड़ो इसे, आओ मेरे साथ,एक अनमोल बेहद कीमती खजाना दिखाता हूँ मैं तुम्हें !आज वो खजाना हमारे पास क्यों नहीं है ! यह भी जानना तुम्हारे लिए बहुत जरूरी है!"

   पिता घनश्याम जी और दोनों पुत्र पवन और मदन उनके साथ रवाना हुये !

पिताजी ने कहा -

"देखो यदि तुम फिर से आपस में लड़े तो फिर मैं तुम्हे उस खजाने तक नहीं लेकर जाऊँगा और बीच रास्ते से ही लौटकर आ जाऊँगा ! 

 अब दोनो पुत्रों ने खजाने के चक्कर मे एक समझौता किया कि चाहे कुछ भी हो जाये, पर हम लड़ेंगे नहीं, प्रेम से यात्रा पे चलेंगे !

   गाँव जाने के लिये एक बस मिली, पर सीट दो की ही मिली, और वो तीन थे, अब पिताजी के साथ थोड़ी देर पवन बैठे तो थोड़ी देर मदन ऐसे चलते-चलते लगभग दस घण्टे का सफर तय किया फिर गाँव आया।      

घनश्याम दोनों पुत्रों को लेकर एक बहुत बड़ी हवेली पर गये  हवेली चारों तरफ से सुनसान थी। घनश्याम ने जब देखा कि  हवेली मे जगह-जगह कबूतरों ने अपना घोंसला बना रखा है तो घनश्याम वहीं पर बैठकर रोने लगे।    

दोनों पुत्रों ने पूछा -

"क्या हुआ पिताजी, आप रो क्यों रहे है ?"

तो रोते हुये उस वृद्ध पिता ने कहा -

"जरा ध्यान से देखो इस घर को, जरा याद करो वो बचपन, जो तुमने यहाँ बिताया था, तुम्हें याद है पुत्रों, इस हवेली के लिये मैंने अपने भाई से बहुत लड़ाई की थी,सो ये हवेली तो मुझे मिल गई, पर मैंने उस भाई को हमेशा के लिये खो दिया, क्योंकि वो दूर देश में जाकर बस गया और फिर वक्त बदला और एक दिन हमें भी ये हवेली छोड़कर जाना पड़ा ! अच्छा, तुम ये बताओ बेटा कि बस में जिस सीट पर हम बैठकर आये थे, क्या वो बस की सीट हमें मिल जायेगी ? और यदि मिल भी जाये तो क्या वो सीट हमेशा-हमेशा के लिये हमारी हो सकती है ? मतलब कि उस सीट पर हमारे सिवा कोई न बैठे !"

तो दोनों पुत्रों ने एक साथ कहा कि 

"ऐसा कैसे हो सकता है, बस की यात्रा तो चलती रहती है और उस सीट पर सवारियाँ बदलती रहती हैं !पहले कोई और बैठा था, आज हम बैठे ! फिर कोई और बैठा होगा और पता नहीं कल कोई और बैठेगा। और वैसे भी उस सीट में क्या धरा है, जो थोड़ी सी देर के लिये हमारी थी !"

  पिताजी फिर हँसे ! फिर रोये और फिर वो बोले -

"देखो यही तो मैं तुम्हे समझा रहा हूँ कि जो थोड़ी देर के लिये तुम्हारा है, तुमसे पहले उसका मालिक कोई और था ! बाद में पता नहीं कब कौन होगा? बस थोड़ी सी देर के लिये तुम हो और थोड़ी देर बाद कोई और हो जायेगा।बस बेटा, एक बात ध्यान रखना कि इस थोड़ी सी देर के लिये कहीं अनमोल रिश्तों की आहुति न दे देना, यदि कोई प्रलोभन आये तो इस घर की इस स्थिति को देख लेना कि अच्छे-अच्छे महलों में भी एक दिन कबूतर अपना घोंसला बना लेते है।बस बेटा, मुझे यही कहना था कि बस की उस सीट को याद कर लेना, जिसकी रोज सवारियां बदलती रहती हैं ! उस सीट की खातिर अनमोल रिश्तों की आहुति न दे देना, जिस तरह से बस की यात्रा में तालमेल बिठाया था, बस वैसे ही जीवन की यात्रा में भी तालमेल बिठा लेना !" 

 दोनों पुत्र पिताजी का अभिप्राय समझ गये, और पिता के चरणों में गिरकर रोने लगे !


शिक्षा :-


*मित्रों, जो कुछ भी ऐश्वर्य - सम्पदा हमारे पास है, वो सब कुछ बस थोड़ी देर के लिये ही है, थोड़ी-थोड़ी देर मे यात्री भी बदल जाते है और मालिक भी। रिश्ते बड़े अनमोल होते हैं ! छोटे से ऐश्वर्य या सम्पदा के चक्कर मे कहीं किसी अनमोल रिश्तें को न खो देना ....!*


 Mansi Dwivedi की प्रस्तुति !!*





बुधवार, 31 अगस्त 2022

पतन या विकास 2

 पश्चिम के बहुत हंसोड़ लेखक मार्क टवेन ने लिखा है कि मैं जब सत्रह साल का था और विश्वविद्यालय से पहली दफा घर आया, तो मुझे लगा—अरे, मेरे माता—पिता कितने गंवार हैं! फिर जब मैं चौबीस वर्ष का हो गया और विश्वविद्यालय से सारी शिक्षाएं पूरी कर के लौटा, तब मैं बड़ा चकित हुआ कि इन सात—आठ सालों में मेरे मां—बाप ने बड़ा विकास कर लिया, ये बड़े बुद्धिमान हो गए। जैसे—जैसे समझ बढ़ी वैसे—वैसे माता—पिता में बुद्धिमत्ता दिखाई पड़ी। जितनी समझ कम थी, उतने माता—पिता बुद्ध मालूम होते थे। जवानी में हर युवक सोचता है कि मां—बाप मेरे मूढ़ हैं।

क्यों? 

सोचता है मैं विकास कर रहा हूं। मैं आगे जा रहा हूं। मेरे मां—बाप को पता क्या है? ये अभी भी पुराने ढर्रे के लोग अभी भी पुरानी रूढ़ि में चल रहे हैं और जी रहे हैं। इन्हें कुछ पता नहीं है। जिंदगी कहां से कहां चली गई, इन्हें कुछ पता नहीं है। जवानी में हर आदमी क्रांतिकारी होता है और सोचता है कि मैं जिंदगी को बड़े आगे ले जा रहा हूं। वह सिर्फ जवानी का भ्रम है। पक्षी जब तक उसकी आंखें बंद हैं यही सोचता होगा कि मैं आगे बढ़ता जा रहा हूं कितना आगे बढ़ता जा रहा हूं! कितना दूर निकल आया, मां बाप को कितने पीछे छोड़ आया! बेचारी मां, वहीं के वहीं हैं। जब आंख खुलती है, तब उसे पता चलता है कि मैं दूर तो निकल आया लेकिन आगे नहीं निकल आया हूं। दूर निकल आना अनिवार्यरूप से आगे निकल जाना नहीं है। दूर निकल जाना गिरना भी हो सकता है, उठना भी हो सकता है। और उठना तो आंख खुलने के बाद ही संभव है। क्योंकि आंख खुली हो तभी पंखों का सदुपयोग हो सकता है।

अब तुम होमापक्षी को खोजने मत निकल जाना! नहीं तो कहीं नहीं मिलेगा। यह बात हो ही नहीं सकती कि इतनी ऊंचाई पर मां अंडा दे। ऊंचाई पर रहेगी कैसे? घोंसला कहां बनाएगी? अंडे को रखेगी कहां? इतनी ऊंचाई तो कोई भी नहीं है जहां से अंडा गिरे और गिरते ही गिरते, गिरते ही गिरते पक्षी निकल आए; और गिरते ही गिरते, गिरते ही गिरते पंख निकल आएं; और गिरते ही गिरते, गिरते ही गिरते आंखें खुल जाएं, ऐसी तो कोई ऊंचाई नहीं है। यह प्रतीक कथा है। सोमा भी कोई जड़ी—बूटी नहीं है, वह परमात्मा को पी जाने का नाम है। वह परम औषधि को पी जाने का नाम है। ये प्रतीक हैं। जब कोई व्यक्ति सोमरस पी लेता है—सोमरस यानी प्रभु—रस; रसों वै सः—जब प्रभु के रस को कोई पी लेता है, तो फिर जो मस्ती आती है, वह कभी टूटती नहीं। यहां तो जितने भी रस उपलब्ध हैं सबकी मस्ती टूट ही जाती है। क्षणभंगुर है। अभी है, अभी समाप्त हो जाएगी।

कीमती से कीमती शराब भी कितनी देर काम आएगी? थोड़ी देर विस्मरण हो जाता है, फिर सब वही जाल शुरू हो जाता है। मगर भक्ति का एक ऐसा रस है, एक ऐसी मधुशाला है, जहां अगर तुमने पी लिया, तो बस पी लिया। उसको पीते ही तुम मिट जाते हों—विस्मरण नहीं होते, मिट ही जाते हो, गल ही जाते हो, खो ही जाते हो।

सोमा प्रतीक है परम रस का। और होमा प्रतीक है उस परम गृह का, उस मातृगृह का, उस मातृभूमि का जहां से हम आए हैं। हम बड़ी ऊंचाइयों से आ रहे हैं। हम अगम्य ऊंचाइयों से आ रहे हैं। हमारे तथाकथित गौरीशंकर इत्यादि कुछ भी नहीं हैं, बच्चों के खिलौने हैं, जिन ऊंचाइयों से हम आ रहे हैं। हम परमात्मा से आ रहे हैं। कोई अभी अंडे में ही है। जो अंडे में ही है, उसे धर्म शब्द अर्थहीन मालूम होता है। उसे हैरानी होती है लोग जब धर्म चर्चा के लिए जाते हैं, या सत्संग के लिए जाते हैं, वह कहता है—क्या करते हो? मैं सिनेमा जा रहा हूं चलो वहा! वहां कुछ रस है, कुछ आनंद; तुम जाते कहां हो? धर्म में रखा क्या है? अभी वह अंडे में है। जो अंडे में है, उसे अंडे के बाहर क्या है यह पता नहीं हो सकता। 

इस दुनिया में अधिक लोग अंडे में हैं। अभी अंडा भी नहीं टूटा, वे गिरते ही जा रहे हैं गिरते ही जा रहे हैं। कुछ लोग अंडे में ही रह कर मर जाते हैं।

अंडा भी तभी टूट सकता है जब तुम थोड़े पंख फड़फड़ाओ। तुम जरा भीतर से चोंच मारो! तुम अंडे से राजी मत हो जाओ! तुम अपनी सुरक्षा से राजी मत हो जाओ! तुम थोड़े—से अभियान करो, थोड़ी खोजबीन करो, थोड़ी जिज्ञासा करो— ! अंडा टूटेगा, मगर तुम कुछ भीतर से करोगे तो टूटेगा। बाहर तो कोई तोड़ नहीं सकता। बाहर से यह अंडा तोड़ा नहीं जा सकता, इसकी कुंजी भीतर से ही तोड़ी जा सकती है। बाहर से तो कोई तोड़ेगा तो और कठिन हो जाता है, क्योंकि तुम भीतर से रक्षा करने लगते हो। तुम आत्मरक्षा में लग जाते हो। तुम भयभीत हो जाते हो। तुम्हीं साहस जुटाओगे तो अंडा टूटेगा। 

कुछ का अंडा टूट जाता है, मगर उनकी आंखें नहीं खुलतीं। फिर वे बंद आंखों से गिरना शुरू हो जाते हैं। ऐसे लोग धर्म के संबंध में विचार तो करते हैं, लेकिन धर्म का आचरण नहीं करते। सोचते हैं। कहते हैं, धर्म अच्छी बात है, ईश्वर इत्यादि की सैद्धांतिक चर्चा करते हैं, गीता इत्यादि पढ़ते हैं,  शब्द कंठस्थ कर लेते हैं, लेकिन उनके जीवन में कोई रंग नहीं होता। जीवन को नहीं रंगते। बातचीत ही होता है धर्म। बकवास होता है धर्म। बहुत लोग ऐसे ही बकवास करते समाप्त हो जाते हैं।

बहुत थोड़े से सौभग़यशाली लोग हैं जो आंख खोलने की चेष्टा में संलग्न होते हैं। भजन से खुलती है आंख। भजन की ऊर्जा में ही आंख के खुलते की संभावना—या ध्यान से खुलती है आंख। एक ही बात को कहने के दो ढंग। ध्यान से या भजन से आंख खुलती है। भजन के संबंध में मत सोचते रहो, भजन करो। धर्म तुम्हारा कृत्य हो तो आंख खुलेगी। और आंख खुलते ही क्रांति घट जाती है। आंख खुलते ही दिखाई पड़ता है—तुम गिर रहे हो। रोज—रोज गिरते जा रहे हो। हम सब मृत्यु के मुंह में गिरते जा रहे हैं। वही है जमीन से टकराकर टूट जाना।

देखते नहीं कितने लोग टूटकर गिर गए हैं और अपनी कब्रों में पड़े हैं? तुम भी कितनी देर चलोगे? जल्दी ही टकरा जाओगे, टूटोगे और कब्र में समा जाओगे। कोई भी खो गई घडी वापस नहीं मिलती। जो समय गया, गया। आंख खुलते ही दिखाई पड़ता है कि बहुत मैं गंवा चुका हूं। अब और गंवाने की जरूरत नहीं।  दिशा रूपातरित हो जाती है।

पंख तो तुम्हारे पास ही हैं, आंख न हो तो अपने पंख भी नहीं दिखाई पड़ते। आंख न हो तो मैं कितनी संपदा लेकर पैदा हुआ हूं यह भी दिखाई नहीं पड़ता। आंख न हो तो पता ही नहीं चलता कि मेरे भीतर हीरे—जवाहरातों की खदानें हैं। प्रभु का राज्य मेरे भीतर है। परमात्मा ने पूरा पाथेय देकर भेजा है। मगर आंख तो चाहिए ही चाहिए। कहते रहते हैं बुद्ध और क्राइस्ट और कृष्ण कि परमात्मा का राज्य तुम्हारे भीतर है, तुम सुन भी लेते हो फिर अपनी दुकान पर बैठ जाते हो। सुन लेते हो और अनसुना कर देते हो। 

कुछ लोग सौभाग्यशाली हैं, जिनकी आंख खुलती है। बस आंख खुलने का क्षण संन्यास का क्षण है। फिर उसके बाद रूपांतरण हो जाता है। विलोम शुरू हुआ, वापसी की यात्रा शुरू हुई। बेटा बाप की तरफ वापिस लौटने लगा। जो अदम प्रभु के राज्य से निष्कासित हो गया था, वह फिर प्रभु की तलाश में चल पड़ा। अपने घर की खोज।

इस होमापक्षी की कथा को कथा मान कर तुम पढ़ लोगे तो चूक जाओगे इसका रस। इसमें पूरी प्रक्रिया छिपी हुई है।

ओशो रजनीश 



सोमवार, 29 अगस्त 2022

पतन या विकास 1

वेदों में होमापक्षी की कथा है। यह चिड़िया आकाश में बहुत ऊंचे पर रहती है। वहीं पर अंडे देती है। अंडा देते ही वह गिरने लगता है। परंतु इतने ऊंचे से गिरता है कि गिरते—गिरते बीच में ही फूट जाता है। तब बच्चा गिरने लगता है। गिरते—गिरते ही उसकी आंखें खुलती हैं और पंख निकल आते हैं। आंखें खुलने से जब वह बच्चा देखता है कि मैं गिर रहा हूं और जमीन पर गिर कर चूर—चूर हो जाऊंगा, तब वह एकदम अपनी मां की ओर फिर ऊंचे चढ़ जाता है। 

 यह कथा किसी पक्षी की कथा नहीं, मनुष्य की कथा है। मनुष्य के पतन, मनुष्य के बोध की कथा है। ऐसा ही मनुष्य है। आकाश में हमारा घर है, ऊंचाइयों पर हमारा घर है, लेकिन जन्म के साथ ही हम गिरना शुरू हो जाते हैं। गिरने का कोई अंत नहीं है। क्योंकि खाई अतल है। कोई तल नहीं है खाई का। हम गिरते जा सकते हैं और गिरते जा सकते हैं। ऐसी कोई सीमा नहीं है जहां अनुभव में आए कि बस इसके आगे गिरना और नहीं हो सकता। और भी हो सकता है, और भी हो सकता है।

गिरने का कोई अंत नहीं है। गिरते ही गिरते किसी दिन आंख खुलती है। गिरने की चोट से ही आंख खुलती है। गिरने की पीड़ा से ही आंख खुलती है। और उसी आंख के खुलने में मनुष्य को अपने घर की याद आनी शुरू  होती है। उस आंख का खुलना है—दर्शन, दृष्टि। नहीं तो हम अंधे हैं। ये बाहर की आंखें खुली हैं इससे यह मत सोच लेना कि तुम्हारे पास आंखें हैं। 

हमारी आंखें वैसी ही हैं जैसे तुमने मोर के पंख पर बनी आंखें देखी हों। उनसे दिखाई कुछ नहीं पड़ता, आंखें भर हैं। हमारी आंखें मोरपंखी हैं। चित्रित हैं। दिखता कुछ नहीं है, सूझता कुछ नहीं है, बुझता कुछ नहीं है। टटोल—टटोल कर गिरते—उठते हम चलते रहते हैं। आंख तो तब है जब तुम्हें अपने घर की याद आ जाए।

आंख तो तब है जब तुम्हें ऊंचाई का स्मरण आ जाए। तुम कहां से आए हो, किस स्रोत से आए हो, जब उसकी प्रतीति सघन हो जाए, तब समझना कि आंख खुली। और उसी क्षण क्रांति शुरू हो जाती है। उसी क्षण अनुलोम समाप्त हुआ, विलोम प्रारंभ हुआ। उसी क्षण हम परमात्मा से दूर जाने के बजाय उसके पास आने शुरू हो जाते हैं। और पंख हमारे पास हैं, आंख हमारे पास नहीं है। आंख हो तो हम पंखों का सम्यक उपयोग कर लें। शक्ति हमारे पास है, दृष्टि हमारे पास नहीं है। इसलिए हमारी शक्ति आत्मघाती हो जाती है।   मनुष्य ही अपना मित्र और मनुष्य ही अपना शत्रु है। शत्रु तब तक जब तक आंख नहीं। तब तक हाथ में आई हुई ऊर्जा भी आत्मघाती सिद्ध होती है। और मित्र उस दिन से जिस दिन आंख खुली। 

यहां पूरी चेष्टा यही है कि तुम्हें यह स्मरण आ जाए कि तुम्हारे पास आंख अभी है नहीं। तुम्हें स्मरण आ जाए कि तुम्हारा जो ज्ञान है थोथा है, झूठा है। तुम्हें ये स्मरण आ जाए कि जिसे तुमने जीवन समझा है, वह सपने से ज्यादा नहीं है और इससे तुम कुछ निकाल न पाओगे। जैसे कोई रेत से तेल निकालने की कोशिश कर रहा है, ऐसे ही जीवन में हारोगे। विषाद में मरोगे। ये आशाएं जो तुमने संजो रखी हैं, कोई भी काम आनेवाली नहीं हैं। क्योंकि इन आशाओं का अस्तित्व से कोई सामंजस्य नहीं है। ये तुम्हारे निजी सपने हैं। ये सपने पूरे नहीं हो सकते। अस्तित्व का सहयोग मिले तो कोई चीज पूरी हो सकती है। और अस्तित्व का सहयोग तभी मिलता है कि जब तुम्हारा अहंकार मरता है। अहंकार गिराता है, निर—अहंकार उठाता है। अहंकार अंधापन है, निर— अहंकार आंख है।

यह होमा बहुत ऊंचे आकाश में रहता है। ये तो प्रतीक हैं। हम ऊंचाई से आते हैं।

चार्ल्स डार्विन ने पश्चिम में एक विचार प्रतिपादित किया—विकासवाद का। वह विचार समस्त धर्मों के विपरीत है। विकासवाद का अर्थ होता है—हम नीचाई से ऊपर की तरफ आ रहे हैं। पतन नहीं हो रहा है, विकास हो रहा है। समस्त बुद्धों ने इससे भिन्न बात कही है। उन्होंने कहा है—मनुष्य का पतन हुआ है, हम ऊंचाई से नीचाई की तरफ आ रहे हैं। बुद्धों ने कहा है कि हम परमात्मा से नीचे गिरे हैं! यह हमारा पतन है। डार्विन ने कहा है—हम बंदरों से ऊपर उठे हैं। यह हमारा विकास है। बुद्धों ने कहा, परमात्मा हमारा पिता है और चार्ल्स डार्विन कहता है—बंदर हमारे पिता हैं। चार्ल्स डार्विन की बात के पीछे भी थोड़ा बल है; नहीं तो जीतती नहीं बात। ऊपर से देखने में ऐसा ही लगता कि डार्विन ही ठीक है, विकास हो रहा है, देखो बैलगाड़ी की जगह हवाई जहाज, तो विकास हो गया। यह जीवन को एक तरह से देखने का ढंग हुआ। तलवार की जगह एटम बम, यह विकास हो गया। लेकिन बुद्धों से पूछो। बुद्ध कहते हैं—तलवार जिसने खोजी थी और जिसने एटम बम खोजा है, इनमें विकास नहीं हुआ है, पतन हो गया, क्योंकि तलवार छोटी—मोटी हिंसा की खबर देती थी, एटम बम विराट हिंसा की खबर देता है। जिन्होंने तलवार से काम चला लिया था, वे बहुत बड़े हिंसक नहीं थे। हमारा तो एटम बम से भी काम नहीं चलता है। तो हाइड्रोजन बम! और अब और आगे बात चल रही है कि हम और भी नए बम खोज लें। हमारी चेष्टा यह है कि एक ही बम सारी पृथ्वी को डुबाने में समर्थ हो जाए। ये विकास है?

आदमी और विकृत हो गया।

जिंदगी को देखने के ढंग पर सब निर्भर करता है, तुम कैसे देखते हो।

आज लोग ज्यादा पढ़े—लिखे हैं, निश्चित। आज से दस हजार साल पहले गैर पढ़े—लिखे लोग थे। कोई लिखना नहीं जानता था, कोई पढ़ना नहीं जानता था। इस हिसाब से देखो तो आज का आदमी विकसित है। किताब पढ़ लेता है, अखबार पढ़ लेता है। लेकिन दस हजार साल पहले जो आदमी था, वह ज्यादा शांत था, ज्यादा आनंदित था, ज्यादा प्रफुल्लित था। उसके जीवन में एक राग था, एक छंद था। वह सब छंद खो गया। उस छंद को देखो तो पतन हो गया है। अखबार की कतरनें बढ़ती चली गई हैं, छंद खोता चला गया है। पढ़ाई—लिखाई हो गई बहुत, मस्तिष्क में बहुत—सी सूचनाएं संगृहीत हो गई और हृदय बिलकुल सिकुड़ गया है। अगर मस्तिष्क को देखो, तो मात्रा बढ़ी है, मात्रा का विकास हुआ है। लेकिन अगर हृदय को देखो तो गुण गिरा है गुण का पतन हुआ है।

मूल्यवान क्या है—गुण या मात्रा? 

अगर आदमी को देखो तो कभी झोपड़ी में रहता था, फिर अच्छे मकानों में रहा, अब महलों में रह रहा है। आज गरीब से गरीब आदमी जो कपड़े पहने हुए हैं, वे सम्राटों को उपलब्ध नहीं थे। अशोक और अकबर के पास तुम जैसे अच्छे कपड़े नहीं थे। बिजली का पंखा नहीं था। न रेडियो था, न टेलीविजन था। आज गरीब से गरीब आदमी भी एक अर्थ में अशोक और अकबर से ज्यादा आगे हैं—विकसित हैं। चीजें बढ़ गइ।

आदमी के पास परिग्रह का विस्तार बढ़ गया। लेकिन परिग्रह के विस्तार को बढ़ाने वाला आदमी विकसित आदमी है? यह सवाल है। क्योंकि जितना परिग्रह बढ़ता है, उतनी चिंता बढ़ती है। उतनी अशांति बढ़ती है, उतनी बेचैनी बढ़ती है, उतनी विक्षिप्तता बढ़ती है। चीजों की गिनती कर रहे हो, तो विकास मालूम होता है। लेकिन चीजों का विकास क्या आदमी का विकास है?

लोग कहते हैं जीवन—स्तर बढ़ गया। स्टैंड़र्ड आफ लाइफ। अच्छा मकान है। अच्छी सड़कें हैं, अच्छे कपड़े हैं, अच्छी दवाइयां हैं—जीवन स्तर बढ़ गया। इसको जीवन—स्तर कहते हो? बस, इतने पर जीवन समाप्त हो जाता है? जीवन गुण की बात है।

डार्विन की बात अगर हम केवल मात्रा को सोचें तो ठीक मालूम होती है। अगर भीतर के गुणों को सोचें तो ठीक नहीं मालूम होती।

यह होमा की कथा मनुष्य की चेतना के निरंतर पतन की कथा है।

इसलिए इस देश में हमने जो विभाजन किया है, वह देखते हो? चार कालों में समय को बांटा है। पहला काल, सतयुग। फिर द्वापर। फिर त्रेता। फिर कलि। श्रेष्ठतम युग पहले। फिर प्रतिक्षण पतन होता जाता है। फिर एक—एक टांग टूटती जाती है। आदमी अपंग होकर गिर पड़ता है कलि में। दोनों हाथ, दोनों पैर, सब टूट गए। इसके पीछे बड़ा गहरा मनोविज्ञान है। इसे तुम एक—एक आदमी की जिंदगी में भी देख सकते हो।

बच्चा पैदा होता है, तब वह सतयुग में होता है। बच्चे के जीवन में श्रद्धा होती है, सरलता होती है, निर्दोष भाव होता है। सौंदर्य होता है। आह्लाद होता है। आश्चर्यविमुग्ध बच्चा जीता है। छोटे बच्चे को देखो, अभी— अभी ताजे पैदा हुए बच्चे को देखो! वह सतयुग में है। सतयुग के लिए तुम्हें दार्शनिक सिद्धातों में जाने की जरूरत नहीं है, छोटे बच्चे को देखो, वह सतयुग में है। फिर धीरे— धीरे पतन शुरू होता है। अहंकार पैदा होगा। पतन शुरू हुआ। फिर परिग्रह बढ़ेगा। पतन और शुरू हुआ। और आखिर में तुम एक आदमी को देखो, बुढ़ापे में, वह कलियुग है। सब यंत्रवत हो जाता है। जिंदगी बोझ हो जाती है। बूढ़ा आदमी मशीन की तरह हो जाता है। जीता है किसी तरह, सांस लेता किसी तरह, अब मरने की तैयारी है, मरने के सिवाय और कोई भविष्य नहीं है।

इसलिए इस देश में हमने कहा है कि कलियुग के बाद प्रलय हो जाएगी। मृत्यु! कलियुग के बाद फिर कोई और समय नहीं बचता, मृत्यु ही बचती है। यह आदमी के सामान्य प्रत्येक व्यक्ति के जीवन की कहानी है। और जो प्रत्येक व्यक्ति के जीवन की कहानी है, वही मनुष्य जाति की भी कहानी है।

होमापक्षी गिरना शुरू होता है ऊंचाई से, परमात्मा के घर से। पहले अंडे में छिपा होता है। फिर अंडा भी टूट जाता है—गिरते—गिरते—गिरते। फिर पंख भी निकल आते हैं—गिरते—गिरते—गिरते। फिर आंख भी खुल जाती है—गिरते—गिरते। और जब आंख खुलती है तब उसे समझ में आता है कि क्या हो रहा है! जब तक आंख नहीं खुली थी, तब तक शायद वह सपना देखता हो कि मैं ऊंचाइयों पर जा रहा हूं, विकास हो रहा है। कि मैं अपनी मां को कितना पीछे छोड़ आया! हर बच्चा ऐसा ही सोचता है कि मैं अपने मां—बाप को कितना पीछे छोड़ आया!

ओशो रजनीश 




रविवार, 28 अगस्त 2022

भगवान बुद्ध ओर यशोधरा-

 

गौतम बुद्ध ज्ञान को उपलब्‍ध होने के बाद घर वापस लौटे। बारह साल बाद वापस लौटे। जिस दिन घर छोड़ा था, उनका बच्‍चा, उनका बैटा एक ही दिन का था। राहुल एक ही दिन का था। जब आए तो वह बारह वर्ष का हो चुका था। और बुद्ध की पत्‍नी यशोधरा बहुत नाराज थी। स्‍वभावत:। और उसने एक बहुत महत्‍वपूर्ण सवाल पूछा। उसने पूछा कि मैं इतना जानना चाहती हूं; क्‍या तुम्‍हें मेरा इतना भी भरोसा न था कि मुझसे कह देते कि मैं जा रहा हूं? क्‍या तुम सोचते हो कि मैं तुम्‍हें रोक लेती? मैं भी क्षत्राणी हूं। अगर हम युद्ध के मैदान पर तिलक और टीका लगा कर तुम्‍हें भेज सकते है, तो सत्‍य की खोज पर नहीं भेज सकते ?

तुमने मेरा अपमान किया है। बुरा अपमान किया है। जाकर किया अपमान ऐसा नहीं। तुमने पूछा क्‍यों नहीं? तुम कह तो देते कि मैं जा रहा हूं। एक मौका तो मुझे देते। देख तो लेते कि मैं रोती हूं, चिल्‍लाती हूं, रूकावट डालती हूं।

      कहते है बुद्ध से बहुत लोगों ने बहुत तरह के प्रश्‍न पूछे होंगे। मगर जिंदगी में एक मौका था जब वे चुप रह गए। जवाब न दे पाये। और यशोधरा ने एक के बाद एक तीर चलाए। और यशोधरा ने कहा कि मैं तुमसे दूसरी यह बात पूछती हूं कि जो तुमने जंगल में जाकर पाया, क्‍या तुम छाती पर हाथ रख कर कह सकते हो कि वह यहीं नहीं मिल सकता था?

      यह भी भगवान बुद्ध कैसे कहें कि यहीं नहीं मिल सकता था। क्‍योंकि सत्‍य तो सभी जगह है। और भ्रम वश कोई अंजान कह दे तो भी कोई बात मानी जाये, अब तो उन्‍होंने खुद सत्‍य को जान लिया है, कि वह जंगल में मिल सकता है, तो क्‍या बाजार में नहीं मिल सकता। पहले बाजार में थे तब तो लगता था सत्‍य तो यहां नहीं है। वह तो जंगल में ही है। वह संसार में कहां वह तो संसार के छोड़ देने पर ही मिल सकता है। पर सत्‍य के मिल जाने के बात तो फिर उसी संसार और बाजार में आना पडा तब जाना यहां भी जाना जा सकता था । पर यहां थोड़ा कठिन जरूर है, पर ऐसा कैसे कह दे की यहां नहीं है। वह तो सब जगह है। भगवान बुद्ध के पास इस बात का कोई उत्‍तर नहीं था। उन्‍होंने आंखे झुका ली।

      और तीसर प्रश्न जो यशोदा ने चोट की, शायद यशोदा समझ न सकी की बुद्ध पुरूष का यूं चुप रह जाना अति खतरनाक है। उस पर बार-बार चोट कर अपने आप को झंझट में डालने जैसा है, बुद्धों के पास क्‍या होता है। ध्‍यान-ध्‍यान-ध्‍यान और सन्‍यास। सो इस आखरी चोट में यशोदा उलझ गई। तीसरी बात उसने कहीं, राहुल को सामने किया और कहा कि ये तेरे पिता है। ये देख, ये जो भिखारी की तरह खड़ा है, हाथ में भिक्षा पात्र लिए।  यहीं है तेरे पिता। ये तुझे पैदा होने के दिन छोड़ कर कायरों की तरह भाग गये थे। अंधेरे में अपना मुहँ छूपाये। जब तू मात्र के एक दिन का था। अभी पैदा हुआ नवजात। अब ये लौटे है, तेरे पिता, देख ले इन्‍हीं जी भर कर। शायद फिर आये या न आये। तुझे मिले या न मिले। इनसे तू अपनी वसीयत मांग ले। तेरे लिए क्‍या है इनके पास देने के लिए। वह मांग ले।

  यह बड़ी गहरी चोट थी। बुद्ध के पास देने को था ही क्‍या। यशोधरा प्रतिशोध ले रही थी बारह वर्षों का। उसके ह्रदय के घाव जो नासूर बन गये थे। बह रहा था पीड़ा और संताप का मवाद। नहीं सूखा था वो जख्‍म जो बुद्ध उस रात दे कर चले गये थे। लेकिन उसने कभी सोचा भी नहीं था कि ये घटना कोई नया मोड़ ले लेगी। वह तो भाव में बहीं जा रही थी। बात को इतने आगे तक खींच लिया था अब उस का तनाव उसकी तरफ वापस लौटेगा। इस की और उसका ध्‍यान गया ही नहीं। भगवान जो इतनी देर से शांत बैठे थे उनके चेहरे पर मंद हंसी आई, यशोधरा का क्रोध और भभक उठा। उस इस बात का एहसास भी नहीं हो रहा था की वह बंध रही है मकड़ी की तरह अपने ही ताने बाने में।

      भगवान ने तत्क्षण अपना भिक्षा पात्र सामने खड़े राहुल के हाथ में दे दिया। यशोधरा कुछ कहें या कुछ बोले। यह इतनी जल्‍दी हो गया। कि उसकी कुछ समझ में नहीं आया। इस के विषय में तो उसने सोचा भी नहीं था। भगवान ने कहा,बेटा मेरे पास देने को कुछ और है भी नहीं, लेकिन जो मैंने पाया है वह तुझे दूँगा। जिस सर्व सब के लिए मैने घर बार छोड़ा तुझे तेरी मां, और इस राज पाट को छोड़, और आज मुझे वो मिल गया है। मैं खुद चाहूंगा वही मेरे प्रिय पुत्र को भी मिल जाये। बाकी जो दिया जा सकता है। क्षणिक है। देने से पहले ही हाथ से फिसल जाता हे। बाकी रंग भी कोई रंग है। संध्‍या के आसमान की तरह,जो पल-पल बदलते रहते है। मैं तो तुझे ऐसे रंग में रंग देना चाहता हूं जो कभी नहीं छुट सकता। तू संन्‍यस्‍त हो जा।

      बारह वर्ष के बेटे को संन्‍यस्‍त कर दिया। यशोधरा की आंखों से झर-झर आंसू गिरने लगे। उसने कहां ये आप क्‍या कर रहे है।

      पर बुद्ध ने कहा,जो मेरी संपदा है वही तो दे सकता हूं। समाधि मेरी संपदा है, और बांटने का ढंग संन्‍यास है। और यशोधरा, जो बीत गई बात उसे बिसार दे। आया ही इसलिए हूं कि तुझे भी ले जाऊँ। अब राहुल तो गया। तू भी चल। जिस संपदा का मैं मालिक हुआ हूं। उसकी तूँ भी मालिक हो जा।

      और सच में ही यशोधरा ने सिद्ध कर दिया कि वह क्षत्राणी थी। तत्‍क्षण पैरों में झुक गई और उसने कहा, मुझे भी दीक्षा दें। और दीक्षा लेकर भिक्षुओं में, संन्‍यासियों में यूं खो गई कि फिर उसका कोई उल्‍लेख नहीं है। पूरे धम्म पद में कोई उल्‍लेख नहीं आता। हजारों संन्‍यासियों कि भीड़ में अपने को यूँ मिटा दिया। जैसे वो है ही नहीं। लोग उसके त्‍याग को नहीं समझ सकते। अपने मान , सम्‍मान, अहंकार को यूं मिटा दिया की संन्‍यासी भूल ही गये की ये वहीं यशोधरा है। भगवान बुद्ध की पत्‍नी। बहुत कठिन तपस्‍या थी यशोधरा की। पर वो उसपर खरी उतरी। उसकी अस्‍मिता यूं खो गई जैस कपूर। बौद्ध शास्‍त्रों में इस घटना के बाद उसका फिर कोई उल्‍लेख नहीं आता।

कैसे जीयी, कैसे मरी,कब तक जीयी, कब मरी, किसी को कुछ पता नहीं। हां राहुल का जरूर जिक्र आता है बौद्ध शास्‍त्रों में जब उसे ब्रह्म ज्ञान प्राप्‍त हुआ, शायद वह सोलह साल का था। उस रात उसे मार ने डराया, वह संन्‍यासियों की कतार में बहुत दूर सोता था। एक साधारण सन्‍यासी की तरह। उस रात वह जब मार ने उसे डराया, तब वह गंध कुटी के बहार आ कर सो गया। भगवान बुद्ध की कुटिया को गंध कुटी कहते थे। उसी रात राहुल ब्रह्म ज्ञान को उपलब्‍ध हुआ। मात्र राहुल का भी बौद्ध ग्रंथों में यही वर्णन आता है। कठिन था जीवन, रोज-रोज भिक्षा मांग कर खानी होती थी। और जब आप अति विशेष हो तो आपको अपनी अति विशेषता को छोड़ना अति कठिन है। यशोधरा और राहुल ने छोड़ा, उन संन्यासियों की भीड़ में ऐसे गुम हो गये। यूं लीन हो गये, यूं डूब गये, इसको कहते है आन। कि आने के पद चाप भी आप न देख सके कोई ध्वनि भी न हुई, कोई छाया तक नहीं बन। तभी कोई अपने घर आ सकता है। बेन्ड बाजा बजा कर केवल आने का भ्रम पैदा कर देना है।

--ओशो



“तू करता वहीं है जो तू चाहता है। होता वहीं है जो मैं चाहता हूं। इसलिए तू वो कर जो मैं चाहता हूं। फिर होगा वहीं जो तू चाहता है।” मनुष्य की इच...